विदेश जाकर अच्छी नौकरी करना और बेहतर जिंदगी जीना आज भी लाखों लोगों का सपना है। खासकर दुबई को लोग एक शानदार लाइफस्टाइल के ऑप्शन की तरह देखते हैं लेकिन वहां रह रही एक भारतीय महिला ने एक वीडियो के जरिए लोगों को इस सपने की दूसरी तस्वीर भी दिखाई है। महिला ने बताया कि दुबई में नौकरी पाना जितना आसान दिखता है, असल में उतना आसान नहीं होता।
नौकरी के लिए दुबई जाने से पहले इन बातों को जरूर जान लें
दुबई में रहने वाली भारतीय महिला लाडली गौर ने अपने इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट @ladligaur से शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि अगर कोई दुबई में नौकरी को लेकर तुरंत ही स्थायी होने की सोचता है, तो उसे दुबई आने का फैसला सोच-समझकर करना चाहिए। उनका कहना है कि यहां आने से पहले आपको काफी मोटिवेट होकर आने की जरूरत है और जल्द ही निराश भी नहीं होना चाहिए। लाडली गौर ने बताया कि उन्हें अक्सर ऐसे छात्रों और युवाओं के मैसेज आते हैं जो 12वीं पास करने के बाद दुबई आकर नौकरी करना चाहते हैं। कई लोगों को लगता है कि यहां पहुंचते ही आसानी से नौकरी मिल जाएगी, लेकिन हकीकत इससे काफी अलग है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
नौकरी लगने के बाद भी आती है यह एक दिक्कत
गौर ने बताया कि ज्यादातर लोग विजिट वीजा पर दुबई पहुंचते हैं और फिर नौकरी की तलाश शुरू करते हैं। कई बार नौकरी मिलने के बाद भी कंपनियां पहले कुछ महीनों तक काम देखकर कर्मचारियों का परफॉर्मेंस चेक करती हैं, तभी उन्हें वर्क वीजा मुहैया कराती हैं। इस दौरान विजिट वीजा खत्म होने का खतरा भी बना रहता है, जिसे बढ़वाने में एक्स्ट्रा टाइम और पैसा दोनों लगता है।
इसे पार कर गए फिर भी इतना टाइम तो लग ही जाएगा
लाडली के मुताबिक, नौकरी मिलने और सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने में थोड़ा समय लग सकता है। उन्होंने वायरल वीडियो (Viral Video) में आगे यह भी कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से कई लोगों को बीच में ही हार मानकर अपने देश लौटते देखा है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका मकसद किसी को विदेश जाने से रोकना नहीं है। वह सिर्फ इतना चाहती हैं कि जो लोग दुबई जाने की योजना बना रहे हैं, वे वहां की असली स्थिति को पहले से समझ लें और हर एक चैलेंज के लिए तैयार रहें।
दिल और दिमाग मजबूत करके ही आएं दुबई
उनका कहना है कि अगर आपके अंदर सब्र है, कठिन परिस्थितियों का सामना करने का हौसला है और आप कुछ महीनों तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं, तो दुबई आपके लिए कई अच्छी नौकरियों का दरवाजा खोल सकता है लेकिन बिना तैयारी और केवल उम्मीद के भरोसे वहां जाना आपको मुश्किलों में डाल सकता है। ऐसे में कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले पूरी जानकारी जरूर जुटाएं और दिमागी तौर पर खुद को तैयार कर लें कि वहां सबकुछ जल्दी और आसानी से तो नहीं मिलेगा।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
