शहर

ISI का मोहरा फरीदाबाद से अरेस्‍ट, ग्रेनेड हमले और RDX मामले में वांटेड था कुलवंत अली; क्या थे पाक के मंसूबे?

पंजाब पुलिस ने कुलवंत अली को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। वह पंजाब के जलालाबाद में 13 सितंबर 2026 को हुए हैंड ग्रेनेड हमले और राजस्थान के श्रीगंगानगर में RDX बरामदगी मामले में वांटेड था।

Image

ग्रेनेड हमले और RDX मामले में वांटेड कुलवंत अली गिरफ्तार (फोटो-Istock)

फरीदाबाद : पंजाब पुलिस ने आतंकी शहजाद भट्टी के कथित हैंडलर कुलवंत अली को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कुलवंत अली का पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से कथित संबंधों को लेकर जांच की जा रही है। वह पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला है।

कुलवंत अली पर 13 सितंबर 2026 को पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाना क्षेत्र में हुए हैंड ग्रेनेड हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा, वह राजस्थान के श्रीगंगानगर में आठ किलो RDX बरामद होने के मामले में भी वांटेड था। जानकारी के मुताबिक, फाजिल्का पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर कुलवंत अली को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसियां अब उसके कथित आतंकी नेटवर्क, शहजाद भट्टी से संपर्क और पाकिस्तान की ISI से संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

पंजाब पुलिस के मुताबिक, कुलवंत अली 13 सितंबर 2026 को फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाना क्षेत्र में हुए हैंड ग्रेनेड हमले का कथित मास्टरमाइंड था। जांच एजेंसियों को राजस्थान के श्रीगंगानगर में 8 किलो आरडीएक्स की बरामदगी से जुड़े मामले में भी उसकी तलाश थी। आरोप है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। पुलिस को आशंका है कि उसकी योजना बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान पहुंचाने की थी।

आईएसआई और शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क की जांच

कुलवंत अली की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां उसके कथित आतंकी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का दावा है कि वह पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में था और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे, उन्हें किस तरह की मदद मिल रही थी और नेटवर्क के तार किन अन्य स्थानों तक जुड़े हैं। फिलहाल, उसके सहयोगियों की पहचान और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article