शहर

UP MLC Election Result: लखनऊ स्नातक सीट पर सपा का कब्जा, कांति सिंह ने दर्ज की शानदार जीत

MLC Election Result उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सपा की कांति सिंह ने लखनऊ स्नातक सीट पर 56,905 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी के अवनीश कुमार सिंह को 39,778 वोट मिले। वहीं, वाराणसी में मतगणना रुकने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। अखिलेश यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी। 11 सीटों में से नौ के नतीजे घोषित होने तक बीजेपी ने छह और सपा ने तीन सीटें जीती थीं।

Image

समजावादी पार्टी के स्नातक लखनऊ सीट के उम्मीदवार कांति सिंह ने जीत दर्ज की है। PTI

MLC Election Result: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक कोटे की एमएलसी चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी में कांटे की टक्कर देखने को मिली है। वहीं, समजावादी पार्टी के स्नातक लखनऊ सीट के उम्मीदवार कांति सिंह ने जीत दर्ज की है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में सपा के मान सिंह यादव ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज कर ली थी।

श्रीमती कांति सिंह (सपा) को 56905 वोट मिले। वहीं, ई0 अवनीश कुमार सिंह (बीजेपी) को 39778 वोट मिले। विधान परिषद की जिन 11 एमएलसी सीटों पर चुनाव हुए हैं, उसमें 5 स्नातक कोटे की सीटें हैं और छह शिक्षक कोटे की सीटें हैं।

बता दें कि वाराणसी में रोकी गई काउंटिंग को लेकर अखिलेश यादव ने सख्त चेतावनी दी है। सोशल मीडिया एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, नाइंसाफी इतनी भी नहीं होनी चाहिए कि लोग नैतिकता की सीमाएं तोड़ने पर मजबूर हो जाएं। अखिलेश का दावा है कि हजारों कार्यकर्ता मतगणना केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं।

वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर सियासी घमासान मच गया है। शिक्षक सीट जीतने के बाद स्नातक सीट पर भी सपा 7,195 वोटों से आगे थी, लेकिन कई घंटे से काउंटिंग रुकने पर बवाल खड़ा हो गया। अखिलेश यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी, री-काउंटिंग कराकर भी कुछ हासिल नहीं होगा, पीडीए प्रहरी सजग हैं!

योगी आदित्यनाथ ने उप्र विधान परिषद चुनावों के विजेताओं को बधाई दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राज्य विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से जीतने वाले प्रत्याशियों को बधाई दी। हालांकि, लखनऊ और वाराणसी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी रही।

मुख्यमंत्री ने रात करीब नौ बजे सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई।" उन्होंने कहा, "विश्वास है कि आप सभी शिक्षकों एवं स्नातकों की आकांक्षाओं को सशक्त स्वर देते हुए उनके हितों के संरक्षण, शिक्षा के उन्नयन और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।"

आदित्यनाथ ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे तक 11 में से नौ निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए थे, जबकि लखनऊ और वाराणसी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी रही।

घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह सीट पर जीत दर्ज की, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को तीन सीट पर सफलता मिली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 23 अक्टूबर को कराए गए थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article