Viral News: जयपुर के एक दुकानदार ने अमेरिकन महिला के साथ ऐसा गेम कर दिया कि अब सोशल मीडिया पर लोग उसे ठगों का सरदार कह रहे हैं। दरअसल, दुकानदार ने अमेरिकी महिला को 300 रुपये की आर्टिफिशियल ज्वैलरी 6 करोड़ में बताकर बेच दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेरिश नाम की अमेरिकी महिला ने राजस्थान के जयपुर के जोहरी बाजार में एक दुकान से ज्वैलरी खरीदी थी। जिसके लिए उसे मोटी रकम का भुगतान करनी पड़ी। अमेरिकी महिला को जो आभूषण असली गोल्ड बताकर बेचे गए थे असल में वो आर्टिफिशियल निकले। इस साल अप्रैल में अमेरिका में एक प्रदर्शनी में चेरिश ने सभी ज्वैलरी को प्रदर्शनी में प्रेजेंट किया। उस इवेंट में चेरिश को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो वह दुकान के मालिक गौरव सोनी से मिलने भारत आ गई। अमेरिकी महिला ने जयपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मामले में अमेरिकी दूतावास से भी मदद मांगी।
चेरिश ने 18 मई को पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह 2022 में इंस्टाग्राम के ज़रिए सोनी के संपर्क में आई थी। दो साल में उसने गौरव सोनी से कई आभूषण खरीदे। उसे लग रहा था कि, गौरव उसे असली सोने के आभूषण बेच रहा है तभी उसने ₹ 6 करोड़ से ज़्यादा का भुगतान किया। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि, नकली आभूषणों की असली कीमत ₹ 300 के करीब हो सकती है। बताया जा रहा है कि, गौरव सोनी फिलहाल अपने पिता राजेंद्र सोनी के साथ फरार है, दोनों की तलाश जारी है। इस बीच, नकली आभूषणों के फर्जी कागज़ात उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर बजरंग सिंह शेखावत ने बताया है कि, 'जांच में पता चला है कि आरोपियों ने विदेशी महिला को 300 रुपये मूल्य के गोल्ड पॉलिश वाले चांदी के आभूषण 6 करोड़ रुपये में बेचे थे। उन्होंने ज्वैलरी के फर्जी वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट भी दिए थे। फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वाले नंद किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार पिता-पुत्र की तलाश जारी है।'
(डिस्क्लेमर: टाइम्स नाउ नवभारत वायरल दावों और कीमत या आंकड़ों की पुष्टि नहीं करता है।)
