कहते हैं कि जिंदगी में मुश्किलें चाहे कितनी भी हों, अगर इंसान कुछ करने की ठान ले तो रास्ता जरूर निकल आता है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक महिला की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जिसने अपने बच्चे की जिम्मेदारी उठाने के लिए एक ऐसा काम चुना, जिसे देखकर लोग उनकी हिम्मत और सोच की तारीफ कर रहे हैं।
जब महिला ड्राइवर से हुई मुलाकात
फिलहाल इस महिला का एक वीडियो भी सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल है। जिसे आयुषी लाहिरी नाम की यूजर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @aayushmatibhava से शेयर किया है। आयुषी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि जब उनकी मुलाकात एक महिला ड्राइवर से हुई तो वह काफी खुश हुईं लेकिन यह मुलाकात सिर्फ एक महिला को कार चलाते देखने तक की ही बात नहीं बल्कि उसकी हिम्मत और हौसले को बयां करती एक कहानी भी थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
सिंगल मां ने चुना ड्राइविंग का रास्ता
कैब में बैठने के साथ ही आयुषी ने उस महिला ड्राइवर से बात करना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी जिंदगी और संघर्ष के बारे में कुछ ऐसी बातें बताईं, जिसने इस छोटी-सी मुलाकात को बेहद ही खास बना दिया। वीडियो (Video) के कैप्शन में महिला का नाम शोभना बताया गया है। साथ में यह भी बताया जा रहा है कि शोभना एक सिंगल मदर और ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट हैं। मेकअप उनका पसंदीदा काम है, लेकिन इस पेशे में हमेशा काम मिलना आसान नहीं होता। शादी और दूसरे कार्यक्रमों के सीजन में काम अच्छा मिलता है, लेकिन बाकी समय काम काफी कम हो जाता है या फिर कभी-कभी वह भी नहीं मिलता।
जिस काम से खुशी मिलती है, वही चुना
इसी वजह से शोभना ने जून महीने में ड्राइविंग शुरू करने का फैसला किया। उनका मकसद सिर्फ पैसे कमाना नहीं था। वह अपने बच्चे की जिम्मेदारी खुद उठाना चाहती थीं और किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहती थीं। शोभना ने ड्राइविंग को सिर्फ मजबूरी के तौर पर नहीं चुना। उन्होंने बताया कि उन्हें गाड़ी चलाना सच में पसंद है। ऐसे में उन्होंने अपनी पसंद को कमाई के साधन में बदलने का फैसला किया। एक तरफ वह ब्राइडल मेकअप का अपना काम करती हैं और दूसरी तरफ जरूरत के हिसाब से ड्राइविंग करके भी कुछ पैसे कमा लेती हैं। इस तरह वह अपने बच्चे की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ खुद को भी आत्मनिर्भर बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
