वायरल न्यूज़

VIDEO: मछली नहीं, रोबोट है ये! चीन ने बनाया ऐसा बायोनिक फिश रोबोट, जो पानी के अंदर रखेगा नजर

मछली जैसी दिखने वाली यह कोई असली मछली नहीं, बल्कि चीन का बायोनिक फिश रोबोट है। जानिए कैसे यह पानी के अंदर तैरकर सोनार की मदद से रियल टाइम निगरानी करता है।

Image

चीन ने बनाया पानी में तैरने वाली मछली (Times Now Navbharat)

Viral Video: दुनिया में टेक्नोलॉजी तेजी से बदल रही है और वैज्ञानिक अब ऐसे रोबोट बनाने में जुटे हैं, जो देखने और काम करने में बिल्कुल जीव-जंतुओं जैसे लगते हैं। इसी कड़ी में चीन ने एक ऐसा अनोखा रोबोट विकसित किया है, जिसे पहली नजर में देखने पर कोई भी असली मछली समझ सकता है। दरअसल, यह कोई साधारण मछली नहीं, बल्कि एक बायोनिक फिश रोबोट है। इसकी खासियत यह है कि यह पानी के अंदर बिल्कुल मछली की तरह तैर सकता है। इसका शरीर और तैरने का तरीका इस तरह डिजाइन किया गया है कि दूर से देखने पर यह किसी असली पानी वाले जीव से कम नहीं लगता।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

फिलहाल इस मछली का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स उस रोबोटिक फिश का डेमो दिखा रहा है। वीडियो में वह रोबोटिक फिश किसी असली मछली की तरह ही नजर आ रहा है। मछली की तरह ही पानी में तैर भी रहा है। पानी से भरे टब में उस मछली को तैराकर दिखाया जा रहा है।

असली मछली जैसा कैसे तैरता है?

इस रोबोट को बनाने वाले वैज्ञानिकों ने मछलियों की प्राकृतिक गतिविधियों का अध्ययन किया है। आमतौर पर मछलियां अपने शरीर और पूंछ की मदद से पानी में आगे बढ़ती हैं। इसी तकनीक से प्रेरणा लेकर बायोनिक फिश रोबोट तैयार किया गया है। यह रोबोट पानी में आसानी से दिशा बदल सकता है और अलग-अलग इलाकों में तैर सकता है। इसकी डिजाइन का उद्देश्य सिर्फ देखने में मछली जैसा बनाना नहीं, बल्कि पानी के अंदर वास्तविक परिस्थितियों में काम करना भी है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

सिर पर लगा है खास तरह का सोनार

इस रोबोट की सबसे बड़ी खासियत इसके सिर पर लगा सोनार सिस्टम है। सोनार की मदद से यह पानी के अंदर अपने आसपास के इलाके की जानकारी हासिल कर सकता है। आसान भाषा में समझें तो यह तकनीक पानी के अंदर मौजूद चीजों और आसपास के क्षेत्र का पता लगाने में मदद करती है। इससे रोबोट रियल टाइम निगरानी कर सकता है और जरूरी जानकारी जुटा सकता है। यह क्षमता इसे सिर्फ एक तैरने वाले रोबोट से कहीं ज्यादा उपयोगी बनाती है।

कहां आ सकता है काम?

ऐसे रोबोट का इस्तेमाल समुद्र, झीलों और अन्य जल क्षेत्रों की निगरानी के लिए किया जा सकता है। वैज्ञानिक और शोधकर्ता पानी के अंदर की दुनिया को समझने के लिए भी इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा समुद्री पर्यावरण की निगरानी, पानी के अंदर मौजूद वस्तुओं का निरीक्षण और मुश्किल जगहों पर जानकारी जुटाने जैसे कामों में भी यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह रोबोट असली मछली की तरह दिखाई देता है। इसकी वजह से यह पानी के अंदर मौजूद जीवों के बीच आसानी से घूम सकता है और प्राकृतिक वातावरण को ज्यादा प्रभावित किए बिना निगरानी कर सकता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article