मॉल में अंदर आप कैसे जाते हैं? जाहिर सी बात है कि पैदल ही जाते होंगे। कोई और विकलप तो नहीं होता, लेकिन अमेरिका के डलास, टेक्सास स्थित एक टारगेट स्टोर में एक शख्स अपने घोड़े के साथ घुस गया। शख्स का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
घोड़ा लेकर स्टोर के अंदर घुस गया शख्स
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर हॉर्स ट्रेनर स्टीफन हार्मन ने शेयर किया था। अब तक इस वीडियो को 57 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति घोड़े पर सवार होकर शॉपिंग स्टोर में पहुंचा हुआ है। उसे देख अन्य ग्राहकों का जो रिएक्शन था वह भी कैमरे में कैद हुआ है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शख्स एक हार्मन घोड़े पर बैठे हुए स्टोर के अंदर प्रवेश करता है। उसके साथ एक छोटा बच्चा भी पीछे घोड़े पर बैठा दिख रहा है। शख्स का दोस्त इस नजारे को कैमरे में कैद कर रहा है। घोड़ा जैसे-जैसे स्टोर के अंदर आगे बढ़ता है, उसे देख वहां मौजूद ग्राहक चौंक जाते हैं। कुछ लोग डर के मारे पीछे हटते हैं, तो कुछ हैरानी भरी नजरों से उस शख्स को देखते रहते हैं।
शख्स को घोड़े सहित निकाला गया स्टोर के बाहर
अब तक तो सब ठीक चल रहा था लेकिन वीडियो में विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब घोड़े ने स्टोर के फर्श पर कई बार मल त्याग कर दिया। जिससे वहां के लोगों के मन में घृणा हो गई। यह सब देख एक टारगेट कर्मचारी गुस्से में चिल्लाते हुए कहता है कि “आप क्या कर रहे हैं? घोड़े को लेकर तुरंत स्टोर से बाहर निकल जाइए।” करीब दो मिनट लंबे इस वीडियो के अंत में स्टोर की सुरक्षा टीम हार्मन को बाहर ले जाती है, तब तक वह पूरे स्टोर का एक चक्कर लगा चुके होते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
