भारत में जुगाड़ का लेवल ही कुछ अलग है। यहां लोग बड़ी-बड़ी मुश्किलों को अपने जुगाड़ के बलबूते बेहद ही आसान बना देते हैं और अपने जुगाड़ की वजह से ही कई कामों को यूं चुटकियों में निपटा देते हैं। हाल में ही जुगाड़ का एक अनोखा उदाहरण सोशल मीडिया पर सामने आया है, जहां लड़कों ने अपनी तिकड़मबाजी से बाइक पर कार की सीट ठोंक दी। फिर मजे से वे सड़क पर घूमते नजर आए। वायरल वीडियो में इस 'लग्जरी बाइक' को देखकर लोग हंसते-हंसते लोट-पोट हो गए।
लड़कों ने बाइक को किया अपग्रेड
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लड़कों ने अपनी बाइक को 'अपग्रेड' करने का ऐसा जुगाड़ किया कि उनकी बाइक को देख लोगों ने अपने दातों तले उंगली दबा ली। वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़के अपनी इस अपग्रेडेड बाइक को सड़क पर दौड़ा रहे हैं। एक लड़का उस बाइक को चला रहा है तो दूसरा बाइक की पिछली सीट पर बैठा आराम फरमा रहा है। लेकिन लोगों की नजरें उन लड़कों की बाइक पर तब टिक गईं जब उन्होंने देखा कि बाइक के पीछे लगी सीट कोई मामूली सीट नहीं बल्कि एक कार की सीट है। लड़का कभी उस सीट को लंबा कर उस पर सोकर दिखा रहा है तो कभी उसे समेटकर बैठने का भी हिसाब-किताब बता रहा है।
लाखों लोगों ने देखा यह वीडियो
लड़के बाइक पर आराम से बैठे सड़क पर तेज रफ्तार से सैर कर रहे हैं। भले ही यह वायरल वीडियो छोटा सा है, लेकिन मजेदार इतना है कि वीडियो को देखते ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाए। वीडियो में लड़के हंसते-खेलते अपनी बाइक पर सैर कर रहे हैं, मानो जैसे वह बाइक नहीं कोई लग्जरी कार हो। इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @aapkaculture नाम के पेज से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जहां कई लोगों ने इस बाइक पर लगे कार सीट के अनेकों फायदे गिनवाए हैं, वहीं कई लोगों ने लड़कों को बहुत ही खुराफाती बताया है। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "मेडिकल इमरजेंसी के टाइम बहुत हेल्प कर सकती है यह बाइक।" दूसरे ने लिखा, "भाई अब इतना कुछ करवा लिया है तो सीट बेल्ट भी लगा ले।"
