एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा गर्व का पल वह होता है, जब उसका पढ़ाया हुआ छात्र जीवन में बड़ी सफलता हासिल करता है। उस वक्त वह शिक्षक गर्व से कहता है कि यह मेरा पढ़ाया हुआ छात्र है। हाल में ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक शिक्षिका की मुलाकात अपने पुराने छात्र से होती है, जो आज भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा कर रहा है। यह नजारा देखकर शिक्षिका की आंखें खुशी और गर्व से भर जाती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
हजारों फीट की ऊंचाई पर हुई मुलाकात
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @SitamarhiJila नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। यह वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक शिक्षिका किसी पहाड़ी वाली जगह पर घूमने गई हैं। तभी वहां पर उनकी मुलाकात अपने पुराने छात्र से हो जाती है, जो इंडियन आर्मी की वर्दी में खड़े होकर ड्यूटी कर रहा है। जैसे ही दोनों एक-दूसरे को देखते हैं, उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। दोनों कुछ देर बातें करते हैं और अपनी पुरानी यादें ताजा करते हैं। इस दौरान शिक्षिका भावुक होकर सिर्फ एक लाइन कहती हैं- "ये कमाया है हमने।" उनके इस छोटे से वाक्य ने लाखों लोगों का दिल छू लिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
इस वीडियो (Video) के वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने कमेंट कर इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "शिक्षक ही असली राष्ट्र निर्माता होते हैं।" दूसरे ने कहा, "इस वीडियो ने आंखें नम कर दीं। इससे खूबसूरत पल शायद ही कोई हो।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "जिस गुरु ने पढ़ाया, आज वही अपने छात्र को सेना की वर्दी में देखकर गर्व महसूस कर रही हैं।" वहीं, कई लोगों ने इस वीडियो को गुरु-शिष्य के रिश्ते की सबसे सुंदर मिसाल बताया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
