राजस्थान के कोटा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रेन के एसी कोच में सांप होने की सूचना मिली। यह मामला दयोदय एक्सप्रेस का है, जो जयपुर से जबलपुर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन में करीब दो घंटे तक सांप की दहशत से यात्रियों में डर का माहौल बना रहा। आखिरकार जब सांप की सूचना मिली और कोच की जांच की गई तो चौंका देने वाली सच्चाई सामने आई। पूरे मामले का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सांप की खबर से कोच में फैली दहशत
यह घटना तब सामने आई जब एसी कोच में यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने अपनी सीट के नीचे सांप जैसी चीज देखी। देखते ही देखते यह खबर पूरे कोच में फैल गई। सांप की खबर सुनते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। सांप का पता चलते ही यात्री अपनी सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। ऐसे में कुछ लोगों ने कोच में सांप के होने की जानकारी तुरंत रेलवे प्रशासन को दी।
दो घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। जब ट्रेन कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो तुरंत कोच की तलाशी शुरू करवाई गई। एहतियात के तौर पर रेलवे ने स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया। गोविंद शर्मा की मौजूदगी में पूरे एसी कोच में छानबीन की गई। करीब दो घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन के बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया।
सामने आई चौंका देने वाली सच्चाई
तलाशी के दौरान सीट के नीचे से जो सांप मिला, दरअसल वह असली सांप नहीं बल्कि रबर का नकली खिलौने वाला सांप था। जैसे ही स्नेक कैचर ने इस मामले की पुष्टि की तब कहीं जाकर यात्री और रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
