वायरल न्यूज़

उड़ते प्लेन से लगाने वाला था छलांग, विमान के पंखे से उलझा पैराशूट, जिंदगी और मौत के बीच झूलता दिखा स्काईडाइवर

स्काईडाइविंग जैसे एक्सट्रीम स्पोर्ट्स में सेफ्टी का हर नियम और इमरजेंसी ट्रेनिंग कितनी जरूरी होती है, ये चीज आपको इस वायरल वीडियो को देखने के बाद पता चल जाएगी। वीडियो एक खतरनाक हादसे का है, जिसमें जिंदगी और मौत के बीच की एक पतली लकीर को देख हर कोई दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गया।

Image

प्लेन से छलांग लगाते वक्त हुआ हादसा (X/@InfoR00M)

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैरतअंगेज और दिल दहला देने वाला वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोगों की जान उनकी हलक में आ गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्काईडाइवर स्काईडाइविंग के दौरान बड़े हादसे का शिकार हो जाता है। वह अपनी जिंदगी के लिए काफी जद्दोजहद करते दिखता है और आखिरकार उसकी जान बच जाती है।

प्लेन की टेल में जा फंसा स्काईडाइवर

वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @InfoR00M नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में घटना के बारे में बताया गया है। जहां इसे पोस्ट करने वाले यूजर ने बताया कि यह घटना ऑस्ट्रेलिया की है, जहां 15,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाते ही एक स्काईडाइवर का पैराशूट हवा के तेज झोंके से प्लेन की टेल (पूंछ) में बुरी तरह उलझ गया। जिसके बाद वह कुछ ही पलों में प्लेन से नीचे लटकता हुआ नजर आया, मानो मौत उसके सिर पर मंडरा रही हो।

हो सकता था भयंकर हादसा

वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही स्काईडाइवर सेसना कारवां विमान से बाहर कूदा, उसका पैराशूट समय से पहले ही खुल गया और तेज हवा ने उसे सीधे विमान के पिछले हिस्से से लपेट दिया। अगले ही पल वह जिंदगी और मौत के बीच झूलते हुए दिखा। स्थिति बेहद खतरनाक थी क्योंकि अगर पैराशूट नहीं छूटता तो उसके साथ-साथ प्लेन भी दुर्घटनाग्रस्त हो जाता।

स्काईडाइवर ने ऐसे बचाई अपनी जान

ऐसी स्थिति में स्काईडाइवर ने अद्भुत संयम और हिम्मत दिखाते हुए अपनी जेब से चाकू निकाला और फंसी हुई पैराशूट की रस्सियों को एक-एक कर काट दिया। रस्सियां कटते ही वह हजारों फीट नीचे तेजी से गिरने लगा। मौत को सामने देखते हुए भी उसने घबराहट नहीं दिखाई और तुरंत अपना रिजर्व (बैकअप) पैराशूट खोल लिया। रिजर्व पैराशूट ने काम किया और वह सुरक्षित जमीन पर उतर आया। हादसे में उसे सिर्फ मामूली चोटें आईं, लेकिन जान बच गई। यह पूरा नजारा देखने में किसी हॉलीवुड थ्रिलर फिल्म से कम नहीं लग रहा था।

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

वीडियो को देख लोगों की सांसें अटक गईं। कई यूजर्स ने कहा कि पैराशूट बहुत जल्दी खोलने की वजह से यह हादसा हुआ। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “ये तो असली मिशन इंपॉसिबल था, टॉम क्रूज भी शर्मा जाएं।” कमेंट बॉक्स में ज्यादातर लोगों ने स्काईडाइवर की तारीफ की। लोगों ने कहा कि चाकू साथ रखने और सही वक्त पर सूझबूझ दिखाने से उस स्काईडाइवर की जान बच गई।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article