Python eaten Woman: इंडोनेशिया में एक महिला को 30 फुट लंबे अजगर ने निगल लिया। द स्ट्रेट टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 30 वर्षीय सिरियाती 2 जुलाई को सुबह अपने घर से लापता हो गई थी। साउथ सुलावेसी के लुवु रीजेंसी में पांच बच्चों की मां अपने बीमार बच्चे के लिए दवा खरीदने के लिए घर से बाहर निकली थी। जिसके बाद से वो घर वापस ही नहीं लौटी। काफी देर बाद भी घर न आने पर उसके घर वाले परेशान हो गए और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि द सन की रिपोर्ट में दावा है कि, उसके 30 वर्षीय पति आदियान्स्या ने देखा कि उसे 30 फुट लंबा अजगर खा रहा है और उसकी पत्नी के पैर सांप के मुंह के बाहर हैं।
दावा है कि, अजगर ने महिला पर उस वक्त हमला किया जब वो पेड़ों के बीच से होती हुई अकेली जा रही थी। उसी वक्त अजगर ने उसे जकड़कर मार डाला और फिर उसे निगलने लगा। जब आदियान्स्या ने उसे देखा तो सिरियाती के पैर अजगर के मुंह से बाहर निकले हुए थे। हालांकि इसके बाद शख्स ने अपनी की जान बचाने के लिए हर संभव कोशिश की अंत में सांप को मार डाला। मगर, तब तक बहुत देर हो चुकी थी क्योंकि सिरियाती पहले ही मर चुकी थी। बताया जा रहा है अजगर द्वारा महिला का शिकार सुबह 7.30 बजे किया गया था।
न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट में दावा है कि, इंडोनेशिया के सितेबा के ग्राम सचिव इयांग ने बताया , 'पीड़िता अपने भाई से मिलने गई थी और उसे अपने बच्चे की दवा खरीदनी थी। तीन साल के बेटे को समय से दवा मिले इसके लिए वो बाहर निकलना चाहती थी। वहां उसे पहले जंगल से होकर जाना पड़ा।' इयांग ने कहा कि, 'उसका भाई बहुत देर तक इंतज़ार करता रहा, लेकिन पीड़िता नहीं आई। इसलिए उसके भाई ने पीड़िता के पति को फ़ोन किया। पति ने बताया कि सुरियाती सुबह से ही गायब है। इसलिए पति अपनी पत्नी की तलाश में निकल पड़ा।'
वालेंरंग पुलिस प्रमुख, एडजंक्ट पुलिस कमिश्नर इदुल बताते हैं कि, महिला का शव सही सलामत मिला है। उन्होंने कहा, 'शरीर की हालत सही थी, लेकिन शायद हड्डियाँ कुचली हुई थीं। शव पहले से ही धार्मिक समारोह के लिए अंतिम संस्कार गृह में है।'
गौरतलब है कि, दक्षिण सुलावेसी में एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी ऐसी घटना है। जून की शुरुआत में, एक 45 वर्षीय महिला का शव एक अजगर के अंदर पाया गया था जिसने उसे पूरी तरह निगल लिया था। इंडोनेशिया में अजगरों की कई प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिनमें बर्मीज़ अजगर और जालीदार अजगर शामिल हैं।
(डिस्क्लेमर: ये खबर वायरल दावों पर आधारित है, टाइम्स नाउ नवभारत ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं करता है।)
