ट्रेन में यात्रा करने पर थोड़ी बहुत परेशानियों का सामना तो सभी को करना पड़ता है। लेकिन हाल में भारतीय रेलवे की एक ट्रेन में बड़ी ही विचित्र समस्या आ गई। जिसने सभी यात्रियों को परेशान करके रख दिया। दरअसल, एक ट्रेन में एक व्यक्ति ने खुद को टॉयलेट के अंदर बंद कर लिया और उसने 6 घंटे से ट्रेन का दरवाजा नहीं खोला। इस शख्स का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
युवक ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को 6 घंटे तक बंद कर लिया
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को 6 घंटे तक बंद कर लिया, और जब रेलवे कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। ये घटना हाल ही में एक पैसेंजर ट्रेन में घटी, जहां एक युवक टॉयलेट में घुसा और अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया। शुरुआत में यात्रियों को लगा कि शायद कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, चिंता बढ़ती गई। करीब 6 घंटे तक दरवाजा बंद रहा, और अंदर से कोई आवाज या प्रतिक्रिया नहीं आई। अन्य यात्री बारी-बारी से दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आखिरकार, यात्रियों ने रेलवे स्टाफ को सूचना दी।
रेलवे कर्मचारियों ने तोड़ा दरवाजा
रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उनके पास पेचकस, हथौड़ा और रॉड जैसे औजार थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वे दरवाजे को खोलने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। एक कर्मचारी फोन पर आरपीएफ (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) को बुलाने की बात कर रहा है, लेकिन समय की कमी के चलते उन्होंने खुद ही एक्शन लिया। लगभग 90 सेकंड की मशक्कत के बाद दरवाजा खुला, जिसके बाद अंदर का नजारा देखकर सभी लोग हैरान रह गए। युवक नशे की हालत में बेहोश सा पड़ा था, और बाहर निकलते ही लड़खड़ा गया।
नशे में धुत था युवक
वीडियो में कर्मचारी उसे खड़ा करने की कोशिश करते नजर आते हैं, और एक-दो लोग उसकी फोटो तक खींच लेते हैं। एक यात्री पूछता है, "इतनी देर से अंदर क्या कर रहे थे?" लेकिन युवक जवाब देने की हालत में ही नहीं था। बाद में पता चला कि वह नशे में धुत होकर टॉयलेट में घुसा था और सो गया, जिससे दरवाजा अंदर से लॉक हो गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
यह वीडियो सबसे पहले रेडिट के r/IndianRailways सबरेडिट पर शेयर किया गया, जहां इसे हजारों व्यूज मिले। इसके बाद यह इंस्टाग्राम, ट्विटर (अब X) और फेसबुक हर जगह फैल गया। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को @i_am_saleem_ नाम के यूजर ने शेयर किया है। यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन दिया – "6 घंटे से दरवाजा बंद है, अंदर युवक की हालत!" वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है। वहीं, हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है।
