सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे कई वीडियो वायरल होते हैं, जो लोगों के दिलों को बहुत ही सुकून देते हैं। हाल में एक ऐसा ही सुकून भरा वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक म्यूजिशियन पहाड़ों के बीच बैठकर बॉलीवुड का मशहूर गाना 'कल हो ना हो' की धुन बजा रहा है। जैसे ही वह म्यूजिशियन अपनी धुन शुरू करता है, वैसे ही वहां पर एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिलता है।
पाकिस्तानी संगीतकार का वीडियो हुआ वायरल
इस वायरल वीडियो को पाकिस्तानी संगीतकार सागर हयात ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। जिसमें वह पहाड़ों के बीच एक चट्टान पर बैठे पारंपरिक वाद्य यंत्र रुबाब बजा रहे हैं। वीडियो में पीछे बर्फ से ढके खूबसूरत पहाड़ नजर आ रहे हैं। आसपास घास के मैदान में भेड़ें और बकरियां चरती दिख रही हैं।संगीत की धुन सुनकर इकट्ठा हो गईं भेड़ें
शुरुआत में भेड़ें थोड़ी दूर-दूर रहती हैं और अपने काम में लगी होती हैं लेकिन जैसे ही सागर हयात रुबाब पर धुन बजाना शुरू करते हैं, भेड़ें धीरे-धीरे उनके पास आने लगती हैं। कुछ ही समय में कई भेड़ें उनके आसपास इकट्ठा हो जाती हैं और शांत होकर खड़ी रहती हैं। ऐसा लगता है जैसे वे भी उनके संगीत का आनंद ले रही हों। यह पल देखने में बहुत ही सुंदर लगता है।जानवरों को भी खूब भाता है संगीत
सागर हयात ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा कि यह अनुभव उनके लिए बहुत खास था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रुबाब बजाना शुरू किया, तो भेड़ें खुद-ब-खुद उनके पास आ गईं। उनके अनुसार, इस पल ने उन्हें यह एहसास कराया कि संगीत एक ऐसी भाषा है जो सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि प्रकृति और जानवरों को भी समझ आती है।
लोगों ने इस खास पल को एक जादू बताया
सागर के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने दिल खोलकर अपना प्यार लुटाया। वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। साथ ही कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए उनकी संगीत की खूब तारीफ की। वहीं, कई यूजर्स ने इस वीडियो को बहुत ही सुकून देने वाला बताया। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा यह देखकर ऐसा लगता है जैसे प्रकृति भी संगीत सुनने के लिए आ गई हो। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि यह पल सच में जादुई लगता है।डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
