Viral News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक दिल छूने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कैब ड्राइवर ने बुकिंग के बाद भी राइड कैंसिल कर दी, इसके बावजूद कस्टमर ने 5 स्टार रेटिंग दे दी। अब आप सोच रहे होंगे कि जब कैब ड्राइवर ने राइड कैंसिल कर दी तो कस्टमर ने उसे क्यों 5 स्टार रेटिंग दे दी। तो चलिए हम आपको इसके आगे की पूरी दास्तान बताते हैं, जिसे जानकर आपका भी दिल खुश हो जाएगा। अब यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
कैब कैंसिल करने के बाद भी कस्टमर ने दिया 5 स्टार रेटिंग
बता दें कि कस्टमर ने मुंबई के बोरीवली से ठाणे की राइड बुक की थी। हालांकि, कैब ड्राइवर ने राइड कैंसिल कर दी। राइड कैंसिल करने से पहले ड्राइवर ने बेहद ही सम्मानजनक और साफ तरीके से अपनी मजबूरी भी बताई। दरअसल, ड्राइवर ने बुकिंग एक्सेप्ट करने के बाद रास्ते के किराए और समय का हिसाब लगाया। इसके बाद उसे मालूम हुआ कि डेढ़ घंटे की यात्रा के लिए सिर्फ 250 रुपये ही मिलेंगे। इससे उसे कोई फायदा नहीं होने वाला। आमतौर पर ऐसी स्थिति में ड्राइवर गाड़ी बुक करने वाले कस्टमर को बिना कुछ बताए राइड कैंसिल कर देते हैं।
दूसरी तरफ इस ड्राइवर ने राइड कैंसिल करने से पहले यात्री को एक मैसेज भेजा। उसने अपनी स्थिति साफ शब्दों में स्पष्ट की और बेहद ही विनम्रता से कस्टमर से माफी भी मांगी। कस्टमर को यह बात बेहद ही पसंद आई। इसके बाद उसने कैब ड्राइवर की ईमानदारी से खुश होकर उसे 5 स्टार रेटिंग दी। यात्री ने इस मैसेज का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसमें लिखा था, 'उबर राइड पर मिला सबसे विनम्र और विस्तृत कैंसिलेशन। बोरीवली से ठाणे की राइड के लिए यह मिला। साथ ही तुरंत दूसरी राइड भी मिल गई।'
कैब कैंसिल करने से पहले ड्राइवर ने बोला सॉरी
कस्टमर ने कैब ड्राइवर का मैसेज भी शेयर किया.. जिसमें लिखा था, 'सॉरी सर, मैंने अभी देखा कि ठाणे के हिरानंदानी का सिर्फ 250 रुपये दे रहा है, डेढ़ घंटा समय दिखा रहा है पिकअप और ड्रॉप का। मुझे कुछ बचने वाला नहीं हैय। मैं नहीं आ पाऊंगा सर, माफी चाहता हूं।' कस्टमर ने ड्राइवर की ईमानदारी सराहने के लिए सोशल मीडिया पर यह मैसेज शेयर किया। जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स कैब ड्राइवर और कस्टमर दोनों की तारीफ कर रहे हैं।
