Viral Video: जहां एक तरफ आज के दौर में लोग किसी भी हादसे के समय मदद का हाथ बढ़ाने के बजाय मोबाइल निकालकर वीडियो (Trending Video) बनाने में बिजी हो जाते हैं, वहीं राजस्थान के डूंगरपुर जिले से आई एक खबर ने इंसानियत और जांबाजी की मिसाल पेश की है। यहां एक बहादुर मां और उनकी बेटी ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनते पानी में डूब रही कार से एक ही परिवार के तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग मां-बेटी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें देखा जा सकता है कि एक अनियंत्रित सफेद रंग की कार पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। देखते ही देखते कार पानी के तेज बहाव में डूबने लगी। कार के भीतर 11 महीने का मासूम बच्चा और दो अन्य लोग फंसे हुए थे, जो चीख-पुकार मचा रहे थे। सड़क किनारे दर्जनों लोग खड़े थे, लेकिन कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। लोग केवल मूकदर्शक बनकर अपने फोन में वीडियो रिकॉर्ड करते रहे। तभी वहां से गुजर रहीं 38 वर्षीय सुर्ता परमार और उनकी नाबालिग बेटी आयुषी की नजर इस हादसे पर पड़ी। बिना एक भी सेकंड गंवाए, दोनों मां-बेटी उफनते पानी में कूद पड़ीं। पानी का दबाव ज्यादा होने के कारण कार के दरवाजे लॉक हो चुके थे। सुर्ता और आयुषी ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए भारी वस्तु से कार का शीशा तोड़ दिया। शीशा टूटते ही उन्होंने सबसे पहले 11 महीने के मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और किनारे पर खड़े लोगों को सौंपा। इसके तुरंत बाद उन्होंने कार में फंसे बाकी दोनों सदस्यों को एक-एक कर बाहर निकाला। मां-बेटी के इस रेस्क्यू के महज कुछ ही मिनटों बाद कार पूरी तरह से पानी में डूब गई। अगर थोड़ी सी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। देखें वीडियो...
जांबाज मां-बेटी
जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया। अब इस वीडियो को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोग जकर शेयर कर रहे हैं। एक्स पर इस वीडियो को gharkekalesh नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि जहां लोग मोबाइल चमकाने में लगे थे, वहां इन दोनों शेरों ने इंसानियत को बचा लिया। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि इन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वीरता पुरस्कार मिलना चाहिए। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
