क्रिकेट

शाहीन अफरीदी ने तोड़ दिया वकार यूनुस और शोएब अख्तर का रिकॉर्ड

रविवार को ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने इंग्लैंड के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। शाहीन ने शोएब अख्तर को पीछे छोड़ दिया।

Image

शाहीन शाह अफरीदी (साभार-X)

रविवार को ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में शाहीन ने 8.4 ओवर की गेंदबाजी की और 46 रन देकर 4 विकेट झटके। इस स्पेल के दम पर शाहीन ने वनडे क्रिकेट में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए। उन्होंने अपने दो पुराने साथी वकार यूनुस और शोएब अख्तर का रिकॉर्ड तोड़ दिया और पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए। हालांकि, पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने का रिकॉर्ड सकलैन मुश्ताक के नाम है जिन्होंने केवल 78 मैच में यह जादूई आंकड़ा हासिल कर लिया था।

एक विकेट दूर थे शाहीन अफरीदी

इस जादूई आंकड़े तक पहुंचने के लिए शाहीन को इस मुकाबले से पहले केवल एक विकेट की दरकार थी। उन्होंने टॉम बेंटेन को अपना 150वां शिकार बनाया। उन्होंने अपना 150 वनडे विकेट अपने 80वें मैच में हासिल कर लिया जो वकार और शोएब अख्तर से 11 मैच कम है। दोनों को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 91 मैच खेलने पड़े थे।

चौथे नंबर पर हैं पाकिस्तानी कप्तान

वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो अफरीदी सबसे तेज 150 ODI विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। नेपाल के संदीप लामिछाने इस लिस्ट में सबसे आगे हैं जिन्होंने केवल 73 मैचों में 150 विकेट पूरे कर लिए थे। नंबर दो पर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क हैं जिन्होंने 77 मैचों में यह मुकाम हासिल किया था। सकलैन मुश्ताक तीसरे नंबर पर हैं। अफरीदी, अफगानिस्तान के राशिद खान और भारत के मोहम्मद शमी के साथ चौथे स्थान पर हैं, जिन्होंने 80 ODI मैचों में 150 विकेट पूरे किए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article