देश

होटल में महज 5 सेकेंड में गई नवविवाहिता की जान! सीसीटीवी फुटेज आया सामने, शादी को हुए थे चार महीने

झांसी में मुस्कान पति के साथ होटल पहुंची थी। जहां वह कुछ ही सेकेंड में जमीन पर गिर पड़ी। वहीं मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।

Image

होटल में महज 5 सेकेंड में गई नवविवाहिता की जान!

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक होटल में ठहरी नवविवाहिता की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में युवती होटल के कमरे के गेट पर खड़ी दिखाई देती है और कुछ ही सेकेंड बाद जमीन पर गिर जाती है। उधर, युवती के परिजनों ने उसके पति पर हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मौसी के घर ले जाने की बात कहकर साथ लाया था पति

मृतका की पहचान प्रेमनगर निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। उसके पिता रामजीलाल के मुताबिक, मुस्कान की शादी 29 जून 2026 को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश से हुई थी। रामजीलाल ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि नीलेश के किसी अन्य महिला से संबंध हैं।

परिजनों के अनुसार, इन दिनों मुस्कान झांसी आई हुई थी। बीते रोज उसका पति नीलेश भी झांसी पहुंचा और उसे अपनी मौसी के घर ले जाने की बात कहकर साथ ले गया। अगले दिन परिवार को सूचना मिली कि मुस्कान अस्पताल में भर्ती है और गिरने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई है। जब तक परिजन अस्पताल पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी।

होटल में ले जाने पर पिता ने जताई हत्या की आशंका

रामजीलाल का आरोप है कि नीलेश उनकी बेटी को मौसी के घर ले जाने के बजाय होटल में ले गया। इसी बात को लेकर उन्होंने बेटी की मौत पर संदेह जताया और मामले में कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, फिलहाल हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।

CCTV में क्या दिखा?

होटल के सीसीटीवी फुटेज में सबसे पहले होटल का कर्मचारी दिखाई देता है। उसके पीछे मुस्कान का पति आता है, जबकि मुस्कान दोनों के पीछे चलती नजर आती है। कर्मचारी और पति कमरे के अंदर चले जाते हैं, लेकिन मुस्कान गेट के पास खड़ी रह जाती है। इसके बाद महज कुछ सेकेंड के भीतर वह अचानक नीचे गिर पड़ती है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि होटल के कैमरे में युवती अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है। मौत किस वजह से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article