सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल होते हैं। इनमें कुछ वीडियो लोगों को हंसाते हैं, तो कुछ दिल को छू जाते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोग उस अजनबी शख्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो यह याद दिलाता है कि दुनिया में आज भी इंसानियत जिंदा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बच्चे को बचाने के लिए खुद भीग गया शख्स
यह वायरल वीडियो (Viral Video) सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों व्यूज और लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो में रात का समय और तेज बारिश का नजारा दिखाई देता है। एक पेट्रोल पंप पर एक कपल अपने छोटे बच्चे के साथ स्कूटर पर खड़ा नजर आता है। बारिश इतनी तेज होती है कि माता-पिता बच्चे को भीगने से बचाने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन उनके पास कोई दूसरा सहारा नहीं होता। तभी वहां मौजूद एक अजनबी उनकी परेशानी देखता है। बिना कुछ सोचे वह अपनी रेनकोट उतारकर कपल को दे देता है। माता-पिता तुरंत उस रेनकोट में अपने बच्चे को ढक देते हैं, जिससे वह बारिश में भीगने से बच जाता है। इस पूरे पल में बच्चे की मासूमियत और उस शख्स की दरियादिली लोगों का दिल जीत लेती है।
शख्स की दरियादिली देख भावुक हुए लोग
करीब 35 सेकंड का यह वीडियो (Video) भले ही छोटा हो, लेकिन यह लोगों के दिलों में समा गया। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, "Man gave his raincoat to a couple to protect their baby." मतलब कि एक अजनबी व्यक्ति ने अपनी रेनकोट उतारकर कपल को दे दी ताकि उनका बच्चा बारिश में ना भीगे। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "इंसानियत अभी भी जिंदा है।" दूसरे ने कहा, "भगवान ऐसे लोगों को हमेशा खुश रखे।" वहीं कई लोगों ने इसे सच्ची इंसानियत और असली हीरो वाला काम बताया। कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि छोटे बच्चों के साथ बारिश के मौसम में सफर करते समय पहले से पूरी तैयारी करके निकलना चाहिए। हालांकि, सभी ने उस अजनबी की तारीफ की, जिसने बिना किसी स्वार्थ के परिवार की मदद की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
