Delhi News: दिल्ली में दिवाली से पहले घर बैठे शराब बुक करने की सुविधा देने के सरकार के कदम पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए नीति वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 24 घंटे के अंदर यह नीति वापस नहीं ली, तो पार्टी दिल्ली में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी और मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा का इस्तीफा मांगेगी।
‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’ कहकर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सौरभ भारद्वाज ने सरकार की प्रस्तावित नीति पर निशाना साधते हुए इसे ‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’ करार दिया। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री की ओर से महिलाओं को करवा चौथ का तोहफा बताया। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अस्पतालों में मरीजों को डायलिसिस कराने के बाद दवाओं के लिए घंटों लाइन में लगे रहना पड़ता है, लेकिन सरकार को उनकी परेशानी की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार शराब पीने वालों को कतार में खड़ा नहीं देखना चाहती और उनके लिए घर तक सुविधा पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है।
महिलाओं और आम लोगों की परेशानियों का उठाया मुद्दा
AAP नेता ने अरविंद केजरीवाल सरकार के दौरान महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने इस सुविधा को बंद कर महिलाओं से पिंक कार्ड बनवाने को कहा है, जिसके लिए महिलाएं कतारों में खड़ी हैं। भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए दावा किया कि दिल्ली के एक-तिहाई लोगों के वोट काट दिए गए हैं और प्रभावित लोग भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति प्रमाणपत्र और आय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भी लोग एसडीएम कार्यालयों में लंबी लाइनों में खड़े हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
24 घंटे में नीति वापस लेने की मांग
सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शराब की होम डिलीवरी नीति वापस लेने और दिल्ली की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार 24 घंटे के भीतर फैसला वापस नहीं लेती, तो AAP मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा का इस्तीफा मांगने के साथ बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगी। भारद्वाज ने चेतावनी दी कि पार्टी सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध करेगी और उसे सामान्य रूप से काम नहीं करने देगी।
