जर्मनी को दुनिया के विकसित देशों में गिना जाता है और वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की भी अक्सर तारीफ होती है लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो (Viral Video) ने लोगों को सोच में डाल दिया है। वीडियो में एक भारतीय महिला ने दावा किया कि जर्मनी में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेना इतना आसान नहीं है। उन्हें अपने पति के इलाज के लिए करीब एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ा।
महिला ने वीडियो के जरिए शेयर किया अपना एक्सपीरियंस
इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम पर @simran.with.shivam नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में सिमरन कौल अरोरा बताती हैं कि जर्मनी आने से पहले उन्हें लगता था कि यहां की हेल्थकेयर सिस्टम बहुत अच्छी होगी लेकिन जब उनके पति शिवम की आंख में इंफेक्शन हुआ, तब उनका अनुभव उम्मीद से बिल्कुल अलग निकला।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
एक हफ्ते तक डॉक्टर का करना पड़ा इंतजार
महिला के मुताबिक, सबसे पहले वे इमरजेंसी विभाग पहुंचीं, लेकिन वहां से उन्हें दूसरे अस्पताल जाने की सलाह दी गई। वह अस्पताल उनके घर से करीब एक घंटे की दूरी पर था। वहां पहुंचने के बाद भी उन्हें तुरंत डॉक्टर नहीं मिले और करीब एक सप्ताह बाद का अपॉइंटमेंट दिया गया। महिला ने यह भी कहा कि जर्मनी में लोग हेल्थ इंश्योरेंस और टैक्स पर अच्छी-खासी रकम खर्च करते हैं। इसके बावजूद अगर डॉक्टर से मिलने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़े, तो यह काफी निराश करने वाला अनुभव हो सकता है। उनका कहना था कि अपॉइंटमेंट मिलने के बाद भी अस्पताल में लंबा इंतजार करना पड़ा।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस मसले पर अपनी राय रखी। कई यूजर्स ने भारत और जर्मनी की स्वास्थ्य सेवाओं की तुलना की। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे समय में भारत की मेडिकल व्यवस्था की याद आती है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि भारत में लोग अक्सर डॉक्टरों की आलोचना करते हैं, लेकिन यहां कई जगह मरीजों को उसी दिन इलाज मिल जाता है। एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पटना के एक सरकारी अस्पताल गया था, जहां सिर्फ 5 रुपये में रजिस्ट्रेशन हुआ और 15 मिनट के अंदर डॉक्टर से मुलाकात हो गई। साथ ही उसे मुफ्त दवाइयां भी मिलीं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
