सोशल मीडिया पर एक वीडियो (Video) इस वक्त काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक सांप कमरे के दरवाजे की कुंडी पर कुंडली मारकर बैठा हुआ नजर आ रहा है। कमरे में मौजूद लोगों की इतनी हिम्मत नहीं हो पा रही है कि वे कमरे से उठकर कुंडी खोल बाहर चले जाएं। वायरल हो रहा यह वीडियो (Viral Video) मध्य प्रदेश के सागर जिले के पथरिया जाट गांव की बताई जा रही है। जहां एक परिवार को पूरी रात अपने ही घर के अंदर कैद होकर बितानी पड़ी। वजह थी एक करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा, जिसने घर के दरवाजे की कुंडी पर फन फैलाकर कब्जा जमा लिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पूरी रात घर में कैद रहा परिवार
बताया जा रहा है कि घर में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी मौजूद थे। जहरीले सांप को देखकर कोई भी दरवाजे के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। कोबरा लगातार दरवाजे की कुंडी पर बैठा रहा। ऐसे में परिवार के सभी लोग पूरी रात घर के अंदर ही कैद रहे। डर इतना था कि किसी ने दरवाजा खोलने या सांप को भगाने की कोशिश भी नहीं की। परिवार ने पूरी रात भगवान से प्रार्थना करते हुए किसी तरह समय बिताया।
कड़ी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
सुबह होने के बाद भी कोबरा काफी देर तक वहीं मौजूद रहा। कुछ समय बाद वह धीरे-धीरे दरवाजे से उतरकर घर के अंदर रखी एक टेबल के नीचे जाकर छिप गया। इसके बाद परिवार ने तुरंत स्नेक कैचर को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर ने काफी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टेबल के नीचे छिपे कोबरा को बाहर निकालना आसान नहीं था। काफी देर की मेहनत के बाद आखिरकार सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे किसी सुरक्षित जंगल वाले इलाके में छोड़ दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही परिवार ने राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
इस घटना की जानकारी सामने आते ही लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर भी इस खबर की खूब चर्चा हो रही है। जहां कई लोगों ने कहा कि अगर परिवार घबराकर दरवाजा खोल देता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं कुछ लोगों ने स्नेक कैचर की भी जमकर तारीफ की, जिसने बिना किसी नुकसान के कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
