वायरल न्यूज़

Viral Video: ना नाव, ना सरकारी मदद...लोगों ने ढूंढ निकाला 'देसी जुगाड़', लोहे की कढ़ाई बनी 'लाइफबोट'

Viral Video: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से आपदा और अव्यवस्था का एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव में बाढ़ का पानी भरने के बाद जब बीमार महिला को अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी या निजी नाव नहीं मिली, तो ग्रामीणों ने देसी जुगाड़ निकाला। लोहे की बड़ी कढ़ाई में बीमार महिला को बैठाकर ग्रामीणों ने उफनते पानी को पार कराया।

Image

अनोखा जुगाड़ (तस्वीर साभार- @devendermor41)

Viral Video: बाढ़ के मौसम में सरकारी दावों और राहत-बचाव के वादों की पोल खोलती एक तस्वीर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के फर्रुखाबाद से सामने आई है। सिनौली गांव में जब मुख्य सड़क और बस्ती के बीच पानी का सैलाब आ खड़ा हुआ, तो रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह ठप्प हो गई। लेकिन, असली परीक्षा तब शुरू हुई जब गांव की बीमार महिला कमला देवी को इलाज के लिए बाहर ले जाना पड़ा। गंभीर स्थिति में महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन जलभराव के बीच दूर-दूर तक कोई नाव नजर नहीं आई। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासनिक मदद का इंतजार करने के बजाय अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। रसोई में खाना पकाने में काम आने वाली लोहे की भारी-भरकम कढ़ाई को पानी में उतारा गया और उसे ही एक 'अस्थायी नाव' का रूप दे दिया गया।

    सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बीमार महिला को कढ़ाई के अंदर बैठाया गया है और गांव के लोग पानी में उतरकर बेहद सावधानी से उसे पार करा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब यह लोहे की कढ़ाई सिर्फ एक आपातकालीन जरिया नहीं, बल्कि रोजमर्रा के आवागमन का मुख्य सहारा बन चुकी है। हर साल बाढ़ राहत और आपदा प्रबंधन के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट पास होता है। लेकिन, सिनौली गांव की यह तस्वीर यह बताने के लिए काफी है कि जमीनी स्तर पर राहत सामग्री और आपदा वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते। देखें वीडियो...

    जुगाड़ देख हैरान रह गए लोग

    अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस नजारे को देखकर लोग हैरान भी हैं और कई तरह के सवाल भी उठा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को devendermor41 नाम के पेज से शेयर किया गया है। यह एक तरफ ग्रामीणों के हौसले और आपसी सहयोग की तारीफ बटोर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़े सवाल भी खड़े कर रहा है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article