पश्चिम बंगाल से एक बेहद अजीब और दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही नाई के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। नाई के खिलाफ शिकायत की वजह जब लोगों को पता चली तो वे हैरान रह गए। शिकायत सुनने वाली पुलिस ने भी अपना सिर पीट लिया। दरअसल, शख्स ने अपने नाई के खिलाफ बार-बार गलत हेयरकट करने को लेकर पुलिस के पास शिकायत करने पहुंचा था। मामला पश्चिम बंगाल के चंद्रकोणा का है। जहां प्रियरंजन बसु नाम के एक शख्स ने अपने नाई पर आरोप लगाया है कि उनके नाई ने बार-बार उनका हेयरकट खराब किया है।
क्या है पूरा मामला
प्रियरंजन बसु के मुताबिक, वह पास के ही एक लोकल सैलून में हमेशा अपने बाल कटवाने जाते थे। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें लगने लगा कि उनका नाई उनके बाल अब सही से नहीं काट रहा। शिकायत में उन्होंने बताया कि 14 फरवरी 2024 को जब उन्होंने हेयरकट कराया, तो घर आकर देखा कि बाल कहीं छोटे तो कहीं लंबे थे और साइड्स भी बराबर नहीं थीं। इसके बाद उन्होंने नाई को चेतावनी दी और दोबारा हेयरकट में गलती ना करने को कहा।
बार-बार बिगड़ता रहा हेयरकट
5 मार्च को जब वह फिर से सैलून गए, तब फिर से उनके नाई ने उनकी हेयरकट खराब कर दी। इस वक्त तो नाई ने उनके बाल को ऐसे काटा कि बाल अजीब तरीके से ऊपर उठ रहे थे और पीछे का कट भी सही नहीं हुआ था। इसके बाद उन्होंने नाई को साफ तौर पर कह दिया कि अगर अगली बार भी हेयरकट खराब किया, तो वह उसकी पुलिस में शिकायत करेंगे।
तीसरी बार भी नहीं हुआ ठीक
10 मार्च को वह एक बार फिर सैलून पहुंचे और नाई से ठीक से बाल काटने को कहा लेकिन प्रियरंजन के अनुसार, इस बार भी हेयरकट पहले की तरह ही खराब हुई थी। बसु का आरोप है कि नाई ने जानबूझकर उनका हेयरकट सही नहीं किया।
पुलिस तक पहुंचा मामला
आखिरकार परेशान होकर उन्होंने पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई और नाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अजीब शिकायत को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
