स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन की सुबह बांग्लादेश के ओपनर शादमान इस्लाम के टखने में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। फील्डिंग के दौरान टखना मुड़ जाने के तुरंत बाद शादमान जमीन पर गिर पड़े और बाउंड्री के पास कई मिनट तक दर्द से तड़पते रहे। शादमान को MRI स्कैन के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।
यह घटना 78वें ओवर में हुई, जब अमीर जंगू ने मेहदी हसन मिराज की गेंद को फाइन लेग की तरफ खेला। शादमान स्लिप से गेंद के पीछे भागे, लेकिन जब उन्होंने गेंद उठाने की कोशिश की तो उनका पैर फिसल गया और गिरते समय उनका टखना मुड़ गया। रिप्ले से पता चला कि आउटफील्ड में ओस थी, जिसकी वजह से उनका पैर फिसला।
दर्द से तड़पते रहे शादमान
फिसल कर गिरने से शादमान दर्द से तड़पते जमीन पर पड़े रहे। इस बीच बांग्लादेश के सभी खिलाड़ी उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। मेडिकल टीम भी मैदान पर पहुंची। उन्हें सहारा देने की कोशिश की गई लेकिन, वह उठ नहीं सके। इसके बाद तुरंत स्ट्रेचर से उन्हें मैदान के बाहर एंबुलेस में ले जाया गया।
खेलने पर संशय
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शादमान, जिन्होंने पहले टेस्ट में शतक लगाया था, वे इस मैच में आगे खेल पाएंगे या नहीं। खबर लिखे जाने तक वेस्टइंडीज अभी भी अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी कर रहा था। अगर शादमान बाहर हो जाते हैं, तो बांग्लादेश को बाकी का मैच केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा।
मजबूत स्थिति में वेस्टइंडीज
पहले दिन, वेस्टइंडीज ने 70 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 235 रन बनाए। खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी समाप्त (स्टंप्स) कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक दूसरे दिन लंच तक वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 322 रन बना लिए थे।
