दिल्ली-NCR में सर्दियों का मौसम आते ही वायु प्रदूषण का कहर बढ़ जाता है। इस बार भी दिसंबर 2025 में घना स्मॉग पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले चुका है। इसी बीच गुरुग्राम में रह रही एक विदेशी मॉडल ने सोशल मीडिया पर अपनी एक वीडियो शेयर की। जिसमें वह ऊंची इमारत की बालकनी में खड़ी नजर आ रही है। मॉडल सुबह-सुबह इस घने स्मॉग को बादल समझ रही थी और उसे लग रहा था कि शायद मौसम बड़ा सुहाना हो रखा है लेकिन इसके पीछे की सच्चाई तो कुछ और ही थी।
गलतफहमी की शिकार हुई मॉडल
गुरुग्राम में रहने वाली इस विदेशी मॉडल का नाम क्षेनिया शाकिर जियानोवा है। जिन्होंने अपनी बालकनी से एक वीडियो शेयर किया। जिसमें सुबह उठकर उन्होंने जो नजारा देखा, वह उन्हें बहुत खूबसूरत लगा। चारों तरफ घना सफेद कोहरा था, नीचे की इमारतें और सड़कें पूरी तरह छिपी हुई थीं। ऐसा लग रहा था मानो वे बादलों के बीच में हों। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा – “आज सुबह बादलों में उठी हूं।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लेकिन इंटरनेट यूजर्स ने जल्दी ही असलियत बता दी। कई लोगों ने कमेंट करके बताया कि यह सुंदर बादल नहीं, बल्कि घना और जहरीला स्मॉग है।
वीडियो पर लोगों का रिएक्शन
इस वीडियो को विदेशी मॉडल ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आ चुके हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह सपना नहीं, दिल्ली-NCR की हकीकत है।" दूसरे ने कहा, "यह सुंदर नहीं, बेहद खतरनाक है।" साथ ही इस वायरल वीडियो पर कुछ लोगों ने चिंता जताई और पूछा कि आखिर दिल्ली-NCR में हर साल सर्दियों में प्रदूषण जानलेवा स्तर तक क्यों पहुंच जाता है?
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
