क्रिकेट में आए दिन नए-नए वीडियो आपके-हमारे सामने आते रहते हैं। कुछ मजेदार होते हैं, कुछ यादगार और कुछ आंखें खोल देने वाले। कई बार जब खिलाड़ी मैदान पर कुछ ऐसा कर देता है जिस पर विश्वास करना मुश्किल हो जाता है, तब उस प्रदर्शन को भुला पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही कुछ काउंटी क्रिकेट में एक खिलाड़ी ने किया है। हम बात कर रहे हैं स्पिनर साइमन हार्मर की, जिनकी एक गेंद का वीडियो वायरल है और उस गेंद को कुछ लोग शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद तक करार दे रहे हैं।
गौरतलब है कि 1993 में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न ने जब इंग्लैंड के माइक गैटिंग को एक घूमती हुई अचंभित करने वाली गेंद पर बोल्ड किया था, तो उसे देखकर पूरी दुनिया दंग रह गई थी। उसे 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' का नाम दिया गया था। आज भी उस गेंद का वीडियो देखकर लोग थकते नहीं और इसीलिए स्वर्गीय शेन वॉर्न को अब तक का महानतम लेग स्पिनर बताया जाता है।
हालांकि हाल में इंग्लैंड में नॉटिंघमशायर और एसेक्स के बीच एक काउंटी क्रिकेट मैच में दौरान दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर साइमन हार्मर ने भी कुछ वैसा ही कमाल कर दिखाया। इस 16वें ओवर में हार्मर ने नॉटिंघमशायर के बल्लेबाज विल यंग को एक ऐसी गेंद फेंकी जिसको वो छोड़ना चाहते थे, उनको लगा था कि गेंद निकल जाएगी लेकिन बॉल ने ऐसी फिरकी ली कि सीधे विकेट से जा टकराई और सब देखते रह गए।
आप भी देखिए साइमन हार्मर के विकेट का ये वीडियो
विल यंग के इस विकेट के बाद नॉटिंघमशायर की पारी अचानक लड़खड़ा गई और 4 रन के अंदर उन्होंने अपने 4 विकेट गंवा दिया। मैच में 211 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही नॉटिंघमशायर को एसेक्स टीम ने 163 रन पर समेटते हुए 47 रन से मैच जीत लिया।
