दुबई अपनी ऊंची इमारतों, शानदार सड़कों और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। हाल में ही इन दिनों सोशल मीडिया पर दुबई की एक ऐसी चीज चर्चा में है, जिसे देखकर लोग हैरान हो रहे हैं। दरअसल, दुबई के एक सामान्य पब्लिक टॉयलेट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसकी सफाई और मेंटेनेंस देखकर लोग इसे किसी फाइव स्टार होटल से कम नहीं बता रहे हैं।
चकाचक दिखा दुबई का पब्लिक वॉशरूम
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को दुबई में रहने वाली एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @ifha_familyindubai से शेयर किया है। वीडियो में महिला एक पब्लिक वॉशरूम के अंदर का नजारा दिखाती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पब्लिक टॉयलेट के अंदर का फर्श बेहद साफ दिखाई देता है। अंदर बने वॉशबेसिन भी चमक रहे हैं और सभी फिटिंग्स भी काफी सिस्टमैटिक तरीके से की हुई दिख रही है। पूरे वॉशरूम को देखकर ऐसा लगता है जैसे इसकी लगातार सफाई और देखभाल की जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
न होटल, न मॉल, फिर भी चमक रहा था दुबई का पब्लिक टॉयलेट
वीडियो (Video) को देख आपको यकीनन ऐसा लगेगा कि यह कोई महंगा होटल या लग्जरी शॉपिंग मॉल का टॉयलेट है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। महिला के मुताबिक, यह पब्लिक टॉयलेट एक कम्युनिटी पार्क के पास बना हुआ है। आसपास रिहायशी इमारतें भी देखने को मिल रही हैं और पास में ही कंस्ट्रक्शन का काम भी चल रहा है। इसके बावजूद यहां सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है।
लगातार होती रहती है पब्लिक वॉशरूम की साफ-सफाई
महिला ने वीडियो (Video) के कैप्शन में बताया कि यह वॉशरूम हमेशा साफ और अच्छी तरह से मेंटेन रहता है। उन्होंने यहां तक कहा कि यह कई घरों से भी ज्यादा साफ दिखाई देता है। उनके मुताबिक, किसी शहर की पहचान सिर्फ उसकी बड़ी-बड़ी इमारतों या महंगी लाइफस्टाइल से नहीं होती, बल्कि वहां की सार्वजनिक सुविधाएं भी शहर की तस्वीर दिखाती हैं।
भारतीय यूजर्स ने भी की तारीफ
वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपनी राय रखनी शुरू कर दी। एक यूजर ने लिखा कि साफ-सुथरा माहौल लोगों के अनुभव को बेहतर बनाता है। वहीं दूसरे यूजर ने दुबई की सफाई व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि इसी वजह से यह शहर बाकी जगहों से अलग नजर आता है। एक अन्य यूजर ने दावा किया कि यूएई के कई सार्वजनिक वॉशरूम इसी तरह साफ-सुथरे रहते हैं। कई लोगों ने कहा कि अगर सार्वजनिक जगहों की साफ-सफाई पर इसी तरह ध्यान दिया जाए तो लोगों के लिए शहर में रहना और घूमना दोनों बेहतर हो सकते हैं। फिलहाल महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
