सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपके चेहरे पर भी मुस्कान आ जाएगी। वीडियो में एक बुजुर्ग फल विक्रेता को ऐसा प्यारा तोहफा मिलता है, जिसकी उन्होंने शायद कभी कल्पना भी नहीं की होगी। उन्हें 20 रुपए के एक नोट पर उनकी ही तस्वीर बनाकर दी जाती है। जिसके बाद अपना चेहरा नोट पर देखकर दादाजी की खुशी देखते ही बनती है।
नोट पर बनी अपनी तस्वीर देख खिल उठा दादाजी का चेहरा
वायरल वीडियो (Viral Video) में एक बुजुर्ग फल विक्रेता नजर आ रहे हैं। वह सफेद कुर्ता-पायजामा पहने अपनी ठेली पर फल बेचते दिखाई दे रहे हैं। उनकी ठेली पर केले, सेब, अमरूद और पपीता जैसे फल रखे हुए हैं। रोज की तरह वह अपना काम कर रहे थे, लेकिन उस दिन उनके लिए कुछ खास होने वाला था। दरअसल, कामकाज के बीच एक शख्स ने 20 रुपए के नोट पर दादाजी का बेहद खूबसूरत पोर्ट्रेट बना दिया। तस्वीर इतनी शानदार थी कि उसमें दादाजी की दाढ़ी, आंखें और चेहरे की झुर्रियां तक साफ नजर आ रही थीं। जब यह नोट उन्हें दिखाया गया तो वह कुछ पल के लिए हैरान रह गए। इसके बाद जो हुआ, उसने लोगों का दिल जीत लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
20 रुपये का नोट बना जिंदगी की सबसे प्यारी याद
दादाजी ने नोट को हाथ में लिया और उसे बड़े ध्यान से देखने लगे। कुछ ही सेकंड बाद उनके चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान आ गई। वह खुशी से हंसने लगे और नोट को बार-बार देखते रहे। उनके चेहरे की खुशी देखकर साफ लग रहा था कि यह उनके लिए सिर्फ 20 रुपए का नोट नहीं था, बल्कि यह उनके लिए एक यादगार पल भी था। जिसे वे हमेशा संजोकर रखने वाले थे।
अब हमेशा संभालकर रखेंगे नोट
इस वीडियो (Video) के साथ शेयर की गई लाइन में कहा गया है कि दादाजी इस 20 रुपए के नोट को हमेशा अपने पास रखेंगे। जाहिर है, उनके लिए इसकी कीमत अब 20 रुपए से कहीं ज्यादा हो चुकी है। उस नोट पर बना उनका चेहरा उनके लिए एक ऐसी याद बन गया है, जिसे वह शायद जिंदगीभर संभालकर रखना चाहेंगे। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट X पर @desimojito अकाउंट से शेयर किया गया है। इसे देखने के बाद लोग दादाजी की मासूम मुस्कान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि किसी के चेहरे पर सच्ची खुशी लाने के लिए हमेशा बड़े तोहफे की जरूरत नहीं होती।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
