वायरल न्यूज़

'दुबई इतना सुरक्षित क्यों है?' भारतीय महिला के Viral Video में आपको मिल जाएगा जवाब

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुबई की सुरक्षा व्यवस्था की जमकर तारीफ की जा रही है।

Image

महिलाओं ने वीडियो में बताया कि आखिर दुबई कितनी सुरक्षित है (Instagram/@khushidxbrealtor)

दुबई अपने बेहतरीन जीवनशैली और मॉडर्न कल्चर के लिए जाना जाता है। इसी बीच दुबई में सुरक्षा को लेकर आए दिन कई सवाल खड़े होते हैं। इसी सवाल का जवाब एक भारतीय महिला द्वारा शेयर किए गए वीडियो में मिला। जिसमें बताया गया है कि दुबई कितना सुरक्षित है? महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त खूब वायरल हो रहा है।

भारतीय महिला ने शेयर किया यह वीडियो

इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भारतीय महिला खुशी ओस्तवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @khushidxbrealtor से शेयर किया है। वीडियो में वह अपनी दोस्त के साथ कार में बैठी नजर आती हैं। वायरल वीडियो में भारतीय महिला बताती है कि भारी ट्रैफिक के बीच उसकी कार का टायर अचानक फट गया। मगर आगे जो कुछ भी उसके साथ हुआ उसने महिला को पूरी तरह हैरान कर दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

बीच रास्ते टायर फटने पर घबराई महिला

महिला बताती है कि कार बीच सड़क पर खराब हो गई थी और मैकेनिक नया टायर लेने गया था। ऐसे में उन्हें लगा कि उन्हें काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात बदल गए। महिला ने बताया कि करीब पांच मिनट के अंदर एक रिकवरी वाहन मौके पर पहुंच गया। इसके साथ ही एक पुलिस की गाड़ी उनकी कार के पीछे आकर खड़ी हो गई, ताकि पीछे से आने वाले वाहनों से उनकी सुरक्षा बनी रहे।

पुलिस ने सुरक्षा के लिए किया ऐसा इंतजाम

वीडियो में आगे महिला कहती है कि इतनी व्यस्त सड़क पर होने के बावजूद उन्हें बिल्कुल भी डर नहीं लग रहा था। उन्हें भरोसा था कि पुलिस उनके साथ मौजूद है और जब तक समस्या हल नहीं हो जाती, तब तक उनकी सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। वीडियो में मौजूद दूसरी महिला ने भी अपना अनुभव साझा किया। उसने बताया कि जब पुलिस अधिकारी उनकी कार के पास आए तो वह थोड़ी घबरा गई थीं। लेकिन जब अधिकारी ने आराम से पूछा कि क्या हुआ है और टायर फटने की बात पता चली, तो उनका व्यवहार देखकर वह हैरान रह गईं।

दुबई की सुरक्षा व्यवस्था देख हैरान रह गई महिला

महिला ने बताया कि पुलिस अधिकारी ने उनसे हिंदी में बात की और पूछा कि मैकेनिक आने में कितना समय लगेगा। जब उन्होंने कहा कि करीब 10 मिनट लगेंगे, तो अधिकारी ने मुस्कुराते हुए कहा, "कोई बात नहीं, मैं आपकी सुरक्षा के लिए यहीं पीछे खड़ा रहूंगा।" यह बात सुनकर दोनों महिलाएं काफी प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनकी सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता हो।

Video पर लोग भी कर रहे दुबई पुलिस की तारीफ

वीडियो के आखिर में खुशी ओस्तवाल ने कहा कि यही वजह है कि उन्हें दुबई इतना सुरक्षित लगता है। उनके मुताबिक, यहां लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए प्रशासन हमेशा तैयार रहता है। सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को खूब पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स ने दुबई पुलिस के इस व्यवहार की सराहना की और कहा कि ऐसी छोटी-छोटी बातें ही किसी शहर को लोगों के लिए खास और भरोसेमंद बनाती हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article