वायरल न्यूज़

VIDEO: मौत सामने थी फिर भी नहीं डिगे कदम...ऑपरेशन के दौरान आया खौफनाक भूकंप, मरीज पर ढाल बनकर लेट गए डॉक्टर

Viral Video: जापान के कुमामोटो अस्पताल का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर गदर मचा रहा है। ऑपरेशन के बीच अचानक धरती हिली और भारी सर्जिकल लैंप, मशीनें व ट्रॉलियां ताश के पत्तों की तरह हिलने लगीं। अपनी जान बचाने के बजाय सर्जनों ने बिना एक सेकंड गंवाए बेहोश मरीज पर छलांग लगा दी और ढाल बनकर उसके ऊपर लेट गए।

Image

मरीज के लिए डॉक्टर्स ने दांव पर लगा दी अपनी जिंदगी (तस्वीर साभार- @drkeithsiau)

Viral Video: आपदा और संकट के समय में जहां इंसान सबसे पहले अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश करता है, वहीं जापान (Japan Video) से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने दुनिया को यह अहसास करा दिया कि डॉक्टरों को 'धरती का भगवान' क्यों कहा जाता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर जापान के कुमामोटो जनरल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो किसी को भी अंदर तक झकझोर देने और साथ ही डॉक्टरों के प्रति सम्मान से भर देने के लिए काफी है।

    दरअसल, 28 जुलाई को कुमामोटो जनरल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टर पूरी एकाग्रता के साथ एक मरीज की पेट की सर्जरी कर रहे थे। मरीज एनेस्थीसिया के असर में पूरी तरह बेहोश था। तभी अचानक 7.1 तीव्रता के भयानक भूकंप के झटके लगे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भूकंप का झटका इतना तेज था कि छत से लटके भारी-भरकम मेडिकल लैंप, मॉनिटर और सर्जिकल उपकरण ताश के पत्तों की तरह हिलने लगे। कमरे में रखी ट्रॉलियां और कुर्सियां अपने आप यहां-वहां भागने लगीं और कुछ मेडिकल स्टाफ झटकों के कारण जमीन पर जा गिरे। ऐसी खौफनाक स्थिति में जब कोई भी घबराकर भाग सकता था, सर्जनों और मेडिकल टीम ने जो किया उसने सब का दिल जीत लिया। जैसे ही लाइटें डिम हुईं और उपकरण तेजी से डोलने लगे, दो मुख्य डॉक्टरों ने बिना एक सेकंड गंवाए बेहोश मरीज के ऊपर छलांग लगा दी। देखें वीडियो...

    मरीज के लिए ढाल बने डॉक्टर्स

    डॉक्टर्स ने अपने हाथों और पूरे शरीर से मरीज को इस तरह ढक लिया कि ऊपर से अगर कोई भारी मशीन या छत का हिस्सा गिरे, तो चोट मरीज को नहीं बल्कि उन्हें लगे। वहीं, पास खड़ी नर्सों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बहकती हुई भारी मशीनों को संभाला ताकि वे मरीज पर न गिरें और एक अन्य स्टाफ मेंबर ने तुरंत गेट खोला ताकि इमरजेंसी में निकलने का रास्ता खुला रहे। हॉस्पिटल के अनुसार, जिस वक्त भूकंप आया, उस समय अस्पताल में चार अलग-अलग जटिल ऑपरेशन्स चल रहे थे। भूकंप के तीव्र झटके थमने के बाद भी डॉक्टरों की टीम घबराई नहीं। उन्होंने हिम्मत बांधकर तुरंत काम दोबारा शुरू किया और चारों ऑपरेशन्स को सफलतापूर्वक पूरा किया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को drkeithsiau नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और डॉक्टर्स की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article