सोशल मीडिया पर एक खतरनाक घटना का वीडियो इन दिनों काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्चा चलती कार से सड़क पर जा रहे बाइक सवारों पर पानी के गुब्बारे फेंकता हुआ नजर आ रहा है। उसकी इस हरकत से एक बाइक सवार गंभीर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा। इस मामले का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो दिल्ली पुलिस ने इस पर संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और कार मालिक का चालान कर दिया।
दिल्ली के भलस्वा फ्लाईओवर का है यह वीडियो
यह वायरल वीडियो दिल्ली के भलस्वा फ्लाईओवर के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्चा कार की पिछली सीट पर बैठा हुआ है और सड़क से गुजर रहे बाइकर्स पर पानी के गुब्बारे फेंक रहा है। इसी बीच वह एक बाइक सवार पर जब पानी का गुब्बारा फेंकता है तो वह बाइक सवार अचानक से घबरा जाता है और उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है। कुछ पल के लिए बाइक खतरनाक तरीके से लड़खड़ा कर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा जाती है। ऐसे में जैसे-तैसे वह बाइक सवार किसी तरह से खुद को संभालता है और एक बड़ा हादसा होने से टल जाता है।
ये भी पढ़ें:
वीडियो देख भड़के लोग
यह वीडियो सबसे पहले इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने शेयर किया था। उसने दावा किया कि वह भी उन बाइकर्स में से एक था, जिन पर बच्चे ने पानी के गुब्बारे फेंके थे। वीडियो में यह भी देखा गया कि बच्चा एक के बाद एक कई बाइक सवारों को निशाना बना रहा था। जब वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति ने कार में बैठे लोगों को रोकने की कोशिश की, तो कार न तो रुकी और न ही धीमी हुई। कार की आगे वाली सीट पर बैठी एक महिला को हंसते हुए भी देखा गया, जिससे लोगों में और ज्यादा नाराजगी देखने को मिली।
दिल्ली पुलिस ने काटा चालान
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना की कड़ी आलोचना की। कई यूजर्स ने कहा कि कार में मौजूद बड़ों को बच्चे को रोकना चाहिए था, क्योंकि यह हरकत सड़क पर चल रहे लोगों के लिए बेहद खतरनाक थी। इसी मामले का वीडियो दिल्ली पुलिस ने भी अपने एक्स अकाउंट से शेयर किया और वीडियो के कैप्शन में बताया कि सोशल मीडिया शिकायत का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कार का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
