वायरल न्यूज़

क्यों घट रही है चीन की आबादी? इस वजह से यहां कम पैदा हो रहे हैं बच्चे

  • Authored by: Monu Jha
  • Updated Jan 31, 2026, 01:02 PM IST

चीन में जन्म दर ऐतिहासिक रूप से सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। साल 2025 में सिर्फ 79 लाख बच्चे पैदा हुए, जबकि मौतों की संख्या 1.13 करोड़ से ज्यादा रही। इससे चीन की आबादी लगातार चौथे साल घटी। युवा शादी और बच्चों से दूरी बना रहे हैं, महंगाई और नौकरी की चिंता इसकी बड़ी वजह है।

China birth rate record low

क्यों घट रही है चीन की आबादी? (फोटो: iStock)

चीन में जनसंख्या को लेकर एक बड़ी चिंता सामने आई है। वहां बच्चों के जन्म की संख्या लगातार कम होती जा रही है और आबादी भी हर साल घट रही है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि सरकार और विशेषज्ञ इसे भविष्य के लिए खतरे की घंटी मान रहे हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के मुताबिक साल 2025 में चीन में सिर्फ 79.2 लाख बच्चे पैदा हुए। यह संख्या 2024 के मुकाबले करीब 17 प्रतिशत कम है। पिछले साल 95.4 लाख बच्चे पैदा हुए थे। यानी एक ही साल में लाखों की गिरावट आ गई। यह 1949 के बाद से सबसे कम जन्म दर है। इससे पहले इतना कम जन्म कभी दर्ज नहीं किया गया था।

अगर 2016 से तुलना करें तो स्थिति और साफ हो जाती है। उस समय चीन में लगभग 1.7 करोड़ बच्चे पैदा हुए थे। अब यह संख्या आधे से भी कम हो चुकी है। साउथ ताइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 9 साल में करीब एक करोड़ जन्म कम हो गए हैं। सिर्फ जन्म ही नहीं, बल्कि चीन की कुल आबादी भी घट रही है। साल 2025 में चीन की जनसंख्या करीब 33.9 लाख कम होकर 1.4049 अरब रह गई। इससे पहले 2024 में आबादी 1.4083 अरब थी। लगातार चौथे साल चीन की जनसंख्या घटी है। यह गिरावट बहुत तेज मानी जा रही है।

पिछले साल चीन में करीब 1.13 करोड़ लोगों की मौत

उधर मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। पिछले साल चीन में करीब 1.13 करोड़ लोगों की मौत हुई, जो पिछले 50 सालों में सबसे ज्यादा है। ज्यादा मौतें और कम जन्म मिलकर जनसंख्या को तेजी से नीचे ला रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि युवा अब शादी करने से बच रहे हैं। कई लोग करियर पर ध्यान देना चाहते हैं। वहीं महंगाई, नौकरी की चिंता, घर की कीमतें और बच्चों को पालने का खर्च भी बहुत बढ़ गया है। खासकर महिलाओं के लिए नौकरी छोड़कर परिवार संभालना अब आसान नहीं रहा।

चीन में पैदा हो रहे हैं अब कम बच्चे

इकोनॉमिस्ट सु यू के मुताबिक बिना किसी बड़ी आपदा के भी इतनी तेजी से जनसंख्या गिरना चौंकाने वाला है। इसका असर चीन की अर्थव्यवस्था, मजदूरों की संख्या और बुजुर्गों की देखभाल पर पड़ेगा। सरल शब्दों में कहें तो चीन में अब कम बच्चे पैदा हो रहे हैं, ज्यादा लोग मर रहे हैं और युवा शादी-बच्चों से दूरी बना रहे हैं। अगर यही हाल रहा, तो आने वाले समय में चीन को काम करने वाली आबादी की कमी और बुजुर्गों की बढ़ती जिम्मेदारी का सामना करना पड़ सकता है। यही वजह है कि चीन की जनसंख्या अब एक बड़ी चिंता बन गई है।

वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।

Monu Jha
Monu Jha author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!