सोशल मीडिया पर जहां लोग अपनी शादी की तस्वीरों में अपने पार्टनर के साथ नई शुरुआत के यादगार लम्हें शेयर करते हैं, वहीं हाल ही में सोशल मीडिया पर एक दुल्हन की ऐसी तस्वीर वायरल हुई जो अब तक की शादियों में बहुत ही मुश्किल से देखने को मिली होगी। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल इस तस्वीर में दुल्हन एक सोफे पर बैठी हुई है और उसके हाथ लैपटॉप पर रखे हुए हैं। अब आखिर ऐसी क्या जरूरत आन पड़ी थी कि दुल्हन अपनी शादी जैसे बड़े मौके पर लैपटॉप खोलकर बैठी हुई है? आइए आपको इस तस्वीर के पीछे की कहानी बताते हैं।
एक नए स्टार्टअप की को-फाउंडर है दुल्हन
असल में इस तस्वीर में दिखने वाली दुल्हन कोई आम दुल्हन नहीं बल्कि सैन फ्रांसिस्को बेस्ड AI स्टार्टअप KoyalAI की को-फाउंडर और CTO गौरी अग्रवाल है। उनकी इस तस्वीर को उनके भाई और कंपनी के CEO मेहुल अग्रवाल ने सोशल साइट एक्स पर अपने अकाउंट से शेयर किया है। उन्होंने तस्वीर को पोस्ट करते हुए बताया कि गौरी अपनी शादी की रस्म पूरी होने के महज 10 मिनट बाद ही अपना लैपटॉप खोलकर बैठ गईं क्योंकि उनके नए स्टार्टअप के एक क्रिटिकल सॉफ्टवेयर में बग आ गया था। जिसे बैठकर उन्होंने खुद ठीक किया।
भाई ने तस्वीर की शेयर
मेहुल ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, "लोग स्टार्टअप्स को रोमांटिसाइज करते हैं, लेकिन यह बहुत मेहनत का काम है। यह मेरी बहन और को-फाउंडर गौरी अग्रवाल हैं, अपनी शादी में, रस्म पूरी होने के 10 मिनट बाद KoyalAI का क्रिटिकल बग फिक्स कर रही हैं। यह कोई फोटो ऑप नहीं था, पेरेंट्स ने हम दोनों को डांटा भी। जब लोग पूछेंगे कि हम जीते क्यों, तो मैं इसी की ओर इशारा करूंगा।"
सोशल मीडिया पर वायरल हो गई यह तस्वीर
इस पोस्ट के साथ शेयर की गई तस्वीर में गौरी दुल्हन के लिबास, यानी लाल जोड़े, में सजी हुई दिख रही हैं। वे अपनी गोद में लैपटॉप रखे मुस्कुराते हुए काम कर रही हैं। दूल्हा उनके पास बैठे मिठाई खाता नजर आ रहा है। तस्वीर के पोस्ट होते ही यह सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो गई। अब तक इस पोस्ट को 37 लाख लोगों ने देखा और 1300 लोगों ने लाइक किया है।
लोगों ने पूछा- शादी के दिन भी काम?
यह पोस्ट वर्क-लाइफ बैलेंस, हसल कल्चर, और स्टार्टअप की दुनिया की हकीकत को दिखा रही है, लेकिन कुछ लोग इसे दिखावा बता रहे हैं। जहां एक तरफ कुछ लोगों ने गौरी की डेडिकेशन की तारीफ की, तो वहीं दूसरी तरफ लोगों ने इसे महज एक दिखावा और पब्लिसिटी स्टंट बताया। जैसे एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "यह स्टार्टअप फाउंडर्स की असली जिंदगी है। सम्मान!" जबकि दूसरे ने इसे टॉक्सिक वर्क कल्चर का उदाहरण बताया। तीसरे यूजर ने अपने कमेंट में कहा, "शादी के दिन भी काम? यह हीरोइक नहीं, बल्कि बर्नआउट की निशानी है।" कुछ ने सलाह दी कि बेहतर टीम हायर करनी चाहिए ताकि फाउंडर को ऐसे मौकों पर काम न करना पड़े।
लोगों की आलोचनाओं का दुल्हन ने दिया जवाब
इन सभी आलोचनाओं के जवाब में गौरी ने खुद तस्वीर को रिपोस्ट किया और लिखा, "भारतीय शादी की लंबी रिसेप्शन में घंटों बैठकर ट्राई करो, फिर कोडिंग करने का मन करेगा।" उन्होंने यह भी बताया कि यह पल रिसेप्शन के दौरान का था, जब मेहमानों से मिलना-जुलना चल रहा था। मेहुल ने आगे बताया कि कंपनी अभी बिल्कुल नई है और कंपनी के कर्मचारी शादी में ही मौजूद थे और गौरी खुद इसे फिक्स करना चाहती थीं। यहां तक कि हनीमून पर भी गौरी रोज 3 घंटे मीटिंग्स ले रही हैं, जिस पर मेहुल ने मजाक में कहा, "पति खुश नहीं हैं लोल।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
