सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पेट्रोल पंप पर बाइक में अचानक आग लग जाती है, और वहाँ मौजूद एक पेट्रोलकर्मी की अद्भुत हिम्मत और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल जाता है। वीडियो में दिखता है कि एक बाइक सवार अपनी बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था। अचानक बाइक की टंकी के आसपास के हिस्से में आग की लपटें उठने लगती हैं। यह देख बाइक वाला घबराकर वहीं, पर अपनी बाइक छोड़कर भाग जाता है। ऐसे में वह पेट्रोल पंपकर्मी स्थिति को बड़ी शांति से संभालता है।
हो सकता था बड़ा हादसा
पेट्रोल पंप जैसी जगह पर आग का मतलब हो सकता है बड़ा विस्फोट और जान-माल का भारी नुकसान। लेकिन ठीक इसी पल पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी बिना किसी हिचकिचाहट के आगे बढ़ता है। वह शांतचित्त रहते हुए फायर एक्सटिंग्विशर उठाता है और तेजी से आग पर काबू पाने की कोशिश करता है। कुछ ही सेकंड में वह आग पर काबू पा लेता है।
वीडियो देख लोगों ने की पेट्रोल कर्मचारी की तारीफ
यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @VishalMalvi_ नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे अब तक 9 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और 3800 लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां लोग इस पेट्रोल पंप कर्मचारी की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा है, "इस बहादुर पेट्रोलकर्मी को सलाम!", एक यूजर ने लिखा, "शांत दिमाग से काम लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।" दूसरे ने लिखा, "ये असली हीरो हैं जो बिना यूनिफॉर्म के भी जान बचाते हैं।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
