आमतौर पर हाई हील्स पहनकर चलना ही कई महिलाओं के लिए मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर कोई इन्हें पहनकर 100 मीटर की रेस दौड़ जाए, तो आप क्या कहेंगे? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही अनोखा वीडियो (Video) खूब वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला हाई हील्स पहनकर 100 मीटर की रेस लगाती नजर आ रही है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने अपने अकाउंट से शेयर किया है।
इस महिला के नाम है हाई हील्स पहनकर रेस लगाने का रिकॉर्ड
गिनीज ने वीडियो के कैप्शन में इस महिला और उसके शानदार रिकॉर्ड के बारे में भी बताया है। जिसमें बताया जा रहा है कि डेनमार्क की मजकेन सिचलाउ (Majken Sichlau) ने हाई हील्स पहनकर 100 मीटर की दौड़ महज 13.557 सेकंड में पूरी की थी। उनका यह कारनामा इतना खास है कि एक दशक से भी ज्यादा समय बाद भी इसकी चर्चा होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
हाई हील्स पहनकर दौड़ीं 100 मीटर
आमतौर पर तेज दौड़ने के लिए खिलाड़ी स्पोर्ट्स शूज पहनते हैं। इन जूतों को इस तरह बनाया जाता है कि दौड़ते समय पैरों को सहारा मिले और खिलाड़ी आसानी से अपनी रफ्तार बढ़ा सकें लेकिन मजकेन सिचलाउ ने इस मामले में बिल्कुल अलग चैलेंज ले लिया। उन्होंने हाई हील्स पहनकर 100 मीटर की दौड़ लगाई और इसे 13.557 सेकंड में पूरा कर लिया। यह कोई आम दौड़ नहीं थी, क्योंकि हाई हील्स में बैलेंस बनाए रखना और तेजी से भागना काफी मुश्किल वाला काम है। जरा-सी चूक होने पर पैर मुड़ने या गिरने का खतरा भी रहता है। कई बार तो हम देखते हैं कि कुछ महिलाएं हाई हील्स पहनने के बाद ढंग से चल भी नहीं पाती हैं मगर मजकेन सिचलाउ का हाई हील्स में दौड़ना यह दिखाता है कि उन्होंने इसके लिए कितनी मेहनत की होगी।
साल 2015 में बनाया था रिकॉर्ड
मजकेन सिचलाउ का यह कारनामा साल 2015 में डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के पास स्थित टार्नबी स्टेडियम में हुआ था। उन्होंने यहां आयोजित टार्नबी गेम्स के दौरान हाई हील्स पहनकर 100 मीटर की दौड़ पूरी की थी। उनका समय 13.557 सेकंड दर्ज किया गया था। इस अनोखे और हैरतअंगेज परफॉर्मेंस ने उन्हें हाई हील्स पहनकर 100 मीटर दौड़ने वाली महिलाओं की रिकॉर्ड होल्डर के रूप में पहचान दिलाई। जानकारी के मुताबिक, मजकेन का यह रिकॉर्ड एक दशक से भी ज्यादा समय के बाद भी कोई तोड़ नहीं पाया है।
