सोशल मीडिया (Social Media) पर हर दिन तरह-तरह के वीडियो वायरल होते हैं। कुछ वीडियो हैरान कर देते हैं तो कुछ दिल को छू जाते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक प्यारा वीडियो लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो में बिहार की राजधानी पटना में एक बाइकर को ट्रैफिक पुलिस रोकती है, लेकिन वजह जानकर हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है।
बाइकर के जैकेट से झांक रहा था पप्पी
वायरल वीडियो (Viral Video) में एक युवक बाइक चला रहा होता है। साथ ही उसने अपनी जैकेट के अंदर एक छोटा-सा पालतू पप्पी रखा हुआ है। नन्हा पप्पी जैकेट से बाहर झांकता हुआ बड़े आराम से सफर का आनंद लेता नजर आता है। उसे देखकर ऐसा लगता है कि वह अपने मालिक के साथ बिल्कुल सुरक्षित महसूस कर रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पप्पी ने बना दिया पूरा माहौल खास
कुछ दूर चलने के बाद ट्रैफिक पुलिस बाइकर को रुकने का इशारा करती है। आमतौर पर ऐसे समय पर किसी भी राइडर को यही लगता है कि शायद चालान कटने वाला है या फिर कागजों की जांच होगी लेकिन इस बार मामला बिल्कुल अलग निकला। जैसे ही बाइक रुकती है, पुलिसकर्मियों का ध्यान सीधे उस छोटे से पप्पी पर चला जाता है। वे न तो लाइसेंस मांगते हैं और न ही कोई चालान काटते हैं। एक पुलिसकर्मी प्यार से पप्पी के पास जाता है, उसे सहलाता है और मुस्कुराते हुए पूछता है, "अच्छे से हो न?" पुलिसकर्मी का यह प्यार भरा अंदाज देखकर बाइकर भी मुस्कुरा देता है। वहीं पप्पी भी पूरे समय शांत बैठा रहता है। यह छोटा-सा पल कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस का रिएक्शन जीत लिया दिल
वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर @bobberkid ने शेयर किया है। हजारों लोग इस वीडियो को पसंद कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में पुलिसकर्मियों की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे वीडियो इंसानियत पर भरोसा और मजबूत कर देते हैं। वहीं कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि शायद पप्पी ही असली वीआईपी था, इसलिए पुलिस उसे देखने के लिए रुकी थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
