चीन में एक अजीब लेकिन हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान ने सूअरों को ले जाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया, लेकिन उसका यह तरीका उल्टा पड़ गया। ड्रोन की रस्सी बिजली के तारों में फंस गई, जिससे एक सूअर हवा में अटक गया और पूरे गांव में कई घंटों तक बिजली बंद रही। यह घटना दक्षिण-पश्चिमी चीन के सिचुआन प्रांत के टोंगजियांग काउंटी के एक गांव की है। किसान का गांव पहाड़ी इलाके में है, जहां गाड़ियों से सूअरों को ले जाना बहुत मुश्किल होता है।
गांव की बिजली 10 घंटे तक गुल
इसी परेशानी से बचने के लिए उसने ड्रोन की मदद लेने का फैसला किया। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक किसान ने ड्रोन में रस्सी बांधकर सूअर को लटकाया और उसे पहाड़ से नीचे बूचड़खाने की ओर भेजने लगा। शुरुआत में सब ठीक लग रहा था, लेकिन जैसे ही ड्रोन आगे बढ़ा, उसकी रस्सी अचानक हाई-वोल्टेज बिजली लाइन में उलझ गई। इसके बाद ड्रोन वहीं फंस गया और सूअर हवा में लटक गया। रस्सी के तारों में फंसते ही इलाके की बिजली सप्लाई बंद हो गई। गांव के लोगों को करीब 10 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ड्रोन और सूअर को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग किसान की सोच पर हैरानी जता रहे हैं तो कुछ इसे मजेदार भी बता रहे हैं। वहीं कई लोगों ने कहा कि ऐसी तकनीक का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। यह मामला बताता है कि नए तरीकों से काम करना अच्छा है, लेकिन बिना सही तैयारी और सावधानी के किया गया प्रयोग बड़ी परेशानी बन सकता है।
