Viral Video: अक्सर सड़क पर चलते समय लोग कुछ मिनट बचाने के लिए ऐसी जल्दबाजी कर बैठते हैं, जो उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। खासकर रेलवे क्रॉसिंग पर बंद फाटक को पार करने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा है। उत्तर प्रदेश के कन्नौज से सामने आए एक वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर एक युवक को इसी गलती के लिए रोकते और समझाते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान चालान की रकम का जिक्र होता है और अधिकारी का अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बंद रेलवे फाटक क्रॉस कर रहा था युवक
रेलवे क्रॉसिंग पर लगा बंद फाटक महज रास्ता रोकने वाला बैरियर नहीं, बल्कि ट्रेन की आवाजाही के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण इंतजाम है। इसके बावजूद कुछ लोग फाटक खुलने का इंतजार करने के बजाय उसके नीचे से बाइक निकालकर दूसरी तरफ जाने की कोशिश करते हैं। कन्नौज से सामने आए इस वीडियो में भी ऐसा ही मामला दिखाई देता है। ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर की नजर बंद रेलवे फाटक पार करने की कोशिश कर रहे एक युवक पर पड़ती है। वह उसे रोकने के लिए आगे बढ़ते हैं। युवक के नहीं रुकने पर अधिकारी उसके पास पहुंचकर बाइक रुकवाते हैं और उससे इस तरह जल्दबाजी करने की वजह पूछते हैं। अधिकारी के सवालों पर युवक अपनी जल्दबाजी का कारण बताता है। वायरल खबर के मुताबिक, बातचीत के दौरान उसने पहले जल्दी में होने और फिर जिला अस्पताल में किसी के भर्ती होने की बात कही।
पुलिसवाल ने ली क्लास
ऐसी परिस्थितियों में भी बंद रेलवे फाटक को पार करना सुरक्षित विकल्प नहीं है। अस्पताल पहुंचने की जरूरत अपनी जगह महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन ट्रेन की आवाजाही के दौरान बैरियर के नीचे से निकलना किसी बड़ी परेशानी को जन्म दे सकता है। बातचीत में युवक अपनी गलती पर माफी मांगता भी दिखाई देता है। अधिकारी का जोर इस बात पर है कि जल्दबाजी में लिया गया एक गलत फैसला खुद बाइक सवार के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है। वीडियो का एक दिलचस्प हिस्सा तब आता है, जब अधिकारी युवक को यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई के बारे में बताते हैं। बातचीत के दौरान पहले 2,000 रुपये के चालान का जिक्र आता है। इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट से संबंधित उल्लंघनों की बात भी होती है।अधिकारी अलग-अलग उल्लंघनों को जोड़कर कुल 8,000 रुपये तक की रकम का हिसाब समझाते हैं। इसमें रेलवे फाटक पार करने, लाइसेंस और हेलमेट से संबंधित रकम का जिक्र किया गया है। देखें वीडियो...
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को afaqkhan_tsi_kannauj नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं चार लाख से ज्यादा लोगों ने इस वीडियो को पसंद किए हैं। इसके अलावा वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
