Spain Train Crash: स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।यह हादसा टोलेडो प्रांत में मैड्रिड-अंदालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर हुआ, जहां रेनफे और इरियो की ट्रेनें आपस में टकरा गईं।
हादसे के तत्काल बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि आपातकालीन बचाव दल क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। घायलों को आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
बेपटरी हुई ट्रेन के डिब्बे
बताया जा रहा है कि जब दो हाई स्पीड ट्रेनें आपस में टकराईं तो उसकी वजह से कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतर गए और रेलवे ट्रैक के किनारे बनी ढलान से नीचे जा गिरे। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। हालांकि, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, स्पेन के रेल नेटवर्क ऑपरेटर एडीआईएफ (ADIF) के अनुसार, दुर्घटना बुधवार सुबह टोलेडो प्रांत में हुई। हादसे के बाद मैड्रिड, सियुदाद रियल और अंदालूसिया के बीच ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ईरान पर क्या अमेरिका बरपाएगा आसमानी कहर? मिशिगन जाने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने दिया जवाब
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेनफे (RENFE) और निजी रेल कंपनी इरियो (IRYO) की ट्रेनें शामिल थीं। स्पेनिश मीडिया की खबरों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से ऐसा प्रतीत होता है कि रेनफे की ट्रेन ने इरियो की ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। सनद रहे कि स्पेन में इस साल रेल हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इस साल अब तक देश में कम से कम 5 भीषण रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
