सोशल मीडिया पर कई बार ऐसे वीडियो देखने को मिल जाते हैं जिन्हें देखते ही हमारे चेहरे पर अपने-आप ही मुस्कान आ जाती है। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक दादी और एयर होस्टेस के बीच कुछ बातचीत चल रही है। इस दौरान एयर होस्टेस अपनी प्यारी सी मुस्कान के साथ दादी से प्यार भरी बातें कर रही है।
दादी ने अपने पोते की शादी में एयर होस्टेस को बुलाया
फिलहाल, दादी और एयर होस्टेस के बीच की बातचीत खूब वायरल हो रही है, जिसमें आप देख सकते हैं कि दादी ने बातों ही बातों में एयर होस्टेस को अपने पोते की शादी में आने का न्योता दे डाला। दादी की इन बातों को सुन एयर होस्टेस का चेहरा खिलखिला उठा। वीडियो में आप दादी को एयर होस्टेस से उसके घर का पता पूछते हुए सुन सकते हैं। एयर होस्टेस उन्हें बताती है कि वह देहरादून की रहने वाली है। फिर दादी बोलती हैं कि 6 महीने बाद मेरे पोते की शादी है और उसमें आपको जरूर आना है। यह सुन एयर होस्टेस दादी को हामी भर देती है और शादी में आने का वादा करती है।
पहली बार दादी कर रही थी फ्लाइट में सफर
इस पूरे पल को दादी का पोता अपने फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा होता है। इस दौरान पोता कहता है कि 'दादी, आपको इन सबको पैसे देने होंगे और आशीर्वाद भी। वह कौन देगा?' इस पर दादी मुस्कुरा देती हैं। बता दें कि दादी पहली बार फ्लाइट का सफर कर रही थीं और इस खास पल को उनके पोते ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो पर लोगों ने लुटाया अपना प्यार
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @practical_yash नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आए हैं, जहां कई लोगों ने भोली-भाली दादी की क्यूटनेस पर भर-भर के अपना प्यार लुटाया, वहीं कुछ लोगों ने एयर होस्टेस की प्यारी सी मुस्कान और दादी के साथ उसके शालीन व्यवहार की खूब तारीफ की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
