वायरल न्यूज़

Viral Video: सिंघम बनने चले थे 'साहब', अपराधियों ने ही खोल दी पोल, इंदौर में फर्जी प्लास्टर का गजब खेल!

Viral Video: जनता की मांग पर अपराधियों का जुलूस निकालने और फर्जी पिटाई दिखाने के चक्कर में इंदौर पुलिस खुद मजाक बनकर रह गई। 20,000 रुपये में हुए कथित सौदे के बाद अपराधियों के हाथों में फर्जी प्लास्टर बांधकर जुलूस निकाला गया। हालांकि, जेल के गेट पर पहुंचते ही अपराधियों ने यह नकली पट्टी उतार फेंकी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

Image

पुलिस का अनोखा खेल (तस्वीर साभार- @arunruby08)

Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों 'खाकी' की एक ऐसी 'नौटंकी' का वीडियो छाया हुआ है, जिसे देखकर आप हंसे बिना नहीं रह पाएंगे। मामला मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore Video) का है, जहां जनता की मांग और 'कड़े एक्शन' का ढोंग करने के चक्कर में पुलिस महकमे की भारी फजीहत हो गई है। जानकारी और वायरल वीडियो के दावों के मुताबिक, इंदौर पुलिस ने किसी संगीन जुर्म के आरोप में दो शातिर अपराधियों को पकड़ा था। इलाके की जनता का गुस्सा चरम पर था और लोग मांग कर रहे थे कि अपराधियों का सरेआम जुलूस निकाला जाए और 'पुलिसिया इलाज' का असर दिखना चाहिए। लेकिन, इस मामले में अलग ही खेल हो गया, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

    20 हजार का 'डील' और फर्जी प्लास्टर

    आरोप है कि अपराधियों और पुलिसकर्मियों के बीच करीब 20,000 रुपये का सौदा तय हुआ। इसके बाद अपराधियों के हाथों पर नकली प्लास्टर और पट्टियां बांध दी गई। अपराधियों को लंगड़ाते और दर्द से कराहते हुए सड़क पर घुमाया गया ताकि जनता को लगे कि 'पुलिस ने अपना काम कर दिया है। कहानी में असली ट्विस्ट तब आया जब जुलूस खत्म हुआ और अपराधियों को जिला जेल के पास ले जाया गया। जैसे ही जनता और कैमरों की नजरें हटीं, अपराधियों ने जेल के गेट के ठीक बाहर लगे झाड़ियों-पौधों के पास अपने हाथों में बंधी फर्जी पट्टियां और पट्टे उतारकर फेंक दिए। वहां,मौजूद एक जागरूक नागरिक ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में झाड़ियों में पड़ी पट्टियां और जेल के बाहर खड़े बेखौफ आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। देखें वीडियो...

    महकमे में मचा हड़कंप

    यह वीडियो सोशल मीडिया पर 'कैमरे के सामने ही खुल गई पुलिस की नौटंकी की पोल' कैप्शन के साथ तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही इंदौर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। लोग अब सोशल मीडिया पर चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि फिल्मों में तो एक्टिंग देखी थी, लेकिन असल जिंदगी में ऐसी 'ऑन-फील्ड एक्टिंग' पहली बार देखी है। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर आला अधिकारियों द्वारा जांच के आदेश दिए जाने की बात कही जा रही है। देखना यह होगा कि इस 'प्लास्टर ड्रामा' के पीछे के असली किरदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article