आज का वायरल वीडियो (17-अप्रैल-2026): सोशल मीडिया पर आए दिन किसी ने किसी ऑटो वाले का वीडियो वायरल (Viral Video) होता रहता है। कोई अपने अनोखे जुगाड़ के लिए चर्चा में आता है तो कोई अपनी अनकही और अनसुनी दास्तां के लिए सुर्खियों में छा जाता है। हाल में एक और ऑटो वाला इस वक्त सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए बहुत ही गंभीर दिखा। ऑटो वाले ने अपने ऑटो पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ऐसा मैसेज लिखवाया कि उसके पीछे बैठने वाला यात्री अपना सफर बिना किसी चिंता के निश्चिंत भाव से पूरा कर सके।
ये भी पढ़ें:
क्या लिखा था ऑटो ड्राइवर की सीट के पीछे
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। जहां वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ऑटो वाले ने अपनी सीट के पीछे यात्रियों के लिए एक संदेश लिखवाया है। जिसमें लिखा गया है कि, "मैं भी किसी का पिता और भाई हूं, आपकी सुरक्षा मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण है इसलिए बेफिक्र होकर बैठिए।" उसके नीचे कई सहायता केंद्रों के मोबाइल नंबर भी लिखे नजर आ रहे हैं। साथ ही प्रशासन का भी मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। जैसे महिला अत्याचार प्रतिबंध हेल्पलाइन नंबर, उसके नीचे पुलिस और एम्बुलेंस का भी नंबर लिखा नजर आ रहा है। यह नंबर यात्रियों की सुरक्षा और उनकी मदद के लिए लिखवाए गए हैं। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और 1600 लोगों ने लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, सभी हीरोज़ केप नहीं पहनते, कई ऑटो रिक्शा भी चलाते हैं।
वीडियो पर कमेंट कर लोगों ने की ऑटो वाले की तारीफ
इस वीडियो (Video) पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां कई लोगों ने ऑटो वाले की समझदारी की खूब तारीफ की। एक महिला यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए अपने अनुभव को लेकर लिखा कि, "हमें सच में इसकी ज़रूरत है क्योंकि जब भी मैं पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करती हूं, तो मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं किसी दुश्मन देश में कोई जासूस हूं कि मेरे साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है। मेरा मतलब है, मैं एक पल के लिए भी आराम नहीं कर पाती, या तो मुझे किसी से फोन पर बात करते रहना पड़ता है, या फिर बस फोन मिलाने का नाटक करना पड़ता है।" दूसरे ने लिखा, "आज की दुनिया में सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है, अगर कोई लड़की इसे पढ़ती है, तो आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते कि उसे कितनी राहत महसूस हो सकती है।" तीसरे ने लिखा, "अंकल ने दिल जीत लिया, उन्होंने बिना कुछ कहे ही बहुत कुछ कह दिया, उनके लिए पूरे दिल से सम्मान। हमारे समाज को ऐसे ही इंसानों की जरूरत है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
