आज का वायरल वीडियो (11-DEC-2025): आप होटल, क्लब या फिर किसी रेस्टोरेंट में जाते होंगे तो वहां के कर्मचारियों को अक्सर टिप लेते हुए देखते होंगे। अमीर गेस्ट अपनी खातिरदारी के लिए वहां के स्टाफ को टिप देते रहते हैं। ऐसे में अगर आपसे यह कहा जाए कि एक शख्स को टिप्स में इतने पैसे मिल गए कि उसने उन पैसों से ही 10 लाख रुपए की कार खरीद ली, तो यह सुनकर आपको कैसा लगेगा? जाहिर सी बात है कि आप इस बात पर यकीन नहीं करेंगे, लेकिन यह सच है।
क्रूज शिप पर बटलर का काम करता है शख्स
महाराष्ट्र के माथेरान के रहने वाले प्रवीण जोशिलकर ने अपनी नई कार के साथ एक फोटो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @pravinjoshilkar_cruisevlogger से पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने उन सभी गेस्ट्स को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें टिप के तौर पर कुछ पैसे दिए थे। प्रवीण जोशिलकर ने अपने पोस्ट में बताया कि वे इटली के एक क्रूज शिप पर बटलर का काम करते हैं और उन्होंने सिर्फ यूरोपीय और अमेरिकी मेहमानों से मिली टिप्स (बख्शीश) के पैसों से 10 लाख रुपये की कार खरीद ली है।
शख्स ने बताया क्रूज शिप पर काम करने का फायदा
प्रवीण ने कार की फोटो के साथ अपनी पोस्ट में लिखा, “क्रूज शिप पर काम करो तो सब कुछ टिप्स से ही खरीद सकते हो… सैलरी तो भविष्य के लिए बचत है भाई!” उनका यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया। लोग उन्हें उनकी नई कार के लिए बधाई दे रहे हैं और कई लोग पूछ रहे हैं कि क्रूज शिप पर नौकरी कैसे मिलेगी।
यहां के लोग दिल खोलकर देते हैं टिप
प्रवीण मुंबई के मशहूर IHM (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट) से ग्रेजुएट हैं। दिन में वह क्रूज शिप पर अमीर मेहमानों की सेवा करते हैं और रात में अपने अनुभवों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते रहते हैं। उनका कहना है कि क्रूज शिप पर सैलरी अच्छी होती है, लेकिन टिप्स उससे कहीं ज्यादा होती हैं, खासकर अमेरिकी और यूरोपीय लोग बहुत ही दिल से टिप देते हैं। वे अपनी पूरी सैलरी बचत करते हैं और रोजमर्रा का खर्चा और बड़ी चीजें टिप्स के पैसों से ही खरीदते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
