आए दिन सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनमें कुछ डराने वाले होते हैं तो कुछ चौंका देने वाले। वहीं कुछ वीडियो ऐसे भी होते हैं जिन्हें देख लोगों के रोंगटे तक खड़े हो जाते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि कुत्ते के भौंकने से एक शख्स इस कदर डरा कि वह एक चलती गाड़ी की चपेट में आ गया। शख्स के साथ घटित इस हादसे का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सड़क पर जा रहे शख्स को कुत्ते ने भौंका
वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि व्यस्त सड़क के फुटपाथ पर एक शख्स टहलते हुए कहीं जा रहा है। तभी अचानक से एक कुत्ता उस पर झपट पड़ता है और उस पर जोर-जोर से भौंकने लगता है। कुत्ते के भौंकने से शख्स बुरी तरह डर जाता है और वह लड़खड़ा कर पीछे हट जाता है। जैसे ही वह शख्स पीछे हटता है, वैसे ही वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ जाता है। ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल जाती है। शख्स वहीं सड़क पर गिर पड़ता है। वीडियो में यह नहीं पता चल पाया कि शख्स की जान बची या नहीं, लेकिन ये हादसा इतना भयंकर था कि शायद ही शख्स बचा हो।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @itz__daniyal80 नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "यहां किसकी गलती है? डॉग लवर चाहे कुछ भी कहें लेकिन समस्या तो है। अच्छी बात ये लगी कि ट्रक वाला आगे रुका!" इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 4 लाख से अधिक लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है।
वायरल वीडियो पर ऐसी रही लोगों की प्रतिक्रिया
हादसे के इस वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट भी आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इस पूरे प्रकरण में गलती किसी की भी नहीं है। कुत्ता अपनी आदत के अनुसार अपना काम कर रहा था। पैदल जा रहा व्यक्ति कुत्ते के भौंकने पर अपनी नेचुरल क्रिया कर रहा था। ट्रक वाला पूरी घटना से बेखबर अपनी गति से चल रहा था। यहाँ प्रक्रियाएँ एक दूसरे की कारक हैं, अतः यह टाइमिंग का खेल है।" दूसरे ने लिखा, "ये आवारा कुत्ते बहुत घातक हैं।"
