सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नन्ही बच्ची का बैटिंग करते हुए वीडियो खूब वायरल हो रहा है। महज 3 साल की यह बच्ची इतनी शानदार बैटिंग कर रही है कि देखने वाले हैरान रह जा रहे हैं। वह एक के बाद एक हर गेंद पर बेहतरीन शॉट लगा रही है। कभी कवर ड्राइव, कभी स्ट्रेट ड्राइव, तो कभी पुल शॉट। उसकी टाइमिंग और बैलेंस इतना परफेक्ट है कि वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग उसे प्यार से 'जूनियर विराट कोहली' तक कह रहे हैं। इस वीडियो को देखकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि इतनी छोटी उम्र में कोई इतनी अच्छी क्रिकेट खेल सकता है।
मुंबई में रहती है यह नन्ही बच्ची
इस वायरल स्टार का नाम है श्रेया कुमारी सिंह। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है, लेकिन फिलहाल मुंबई में अपनी बुआ के साथ रह रही है। श्रेया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 67 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां उसके क्रिकेट खेलने के वीडियो रोज पोस्ट होते हैं। एक यूट्यूब चैनल भी है उसका। उसके फुफेरे भाई उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैंडल करते हैं।
परिवार की आर्थिक स्थिति खराब
श्रेया मुंबई इसलिए आई क्योंकि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं है। उसके पापा छोटी-मोटी नौकरी करते हैं और घर में तीन बेटियां हैं। फुफेरे भाई ने एक वीडियो में बताया कि बड़ी होकर तीनों बहनों की जिम्मेदारी निभाना मुश्किल हो सकता था, इसलिए सबसे छोटी श्रेया की परवरिश की जिम्मेदारी बुआ ने ली। परिवार को उम्मीद है कि श्रेया आगे चलकर अच्छा नाम कमाएगी और सबका नाम रोशन करेगी।
सिर्फ बैटिंग ही नहीं, बॉलिंग भी कमाल की
श्रेया की बैटिंग ही नहीं, बॉलिंग भी कमाल की है। एक वीडियो में वह अपने कजन को गेंदबाजी कर रही है। उसका एक्शन स्मूथ है और आखिरी गेंद पर तो बॉल टप्पा खाकर स्विंग हुई और बैटर के शरीर पर लग गई। बैटर पूरी तरह चूक गया। छोटी उम्र में इतना कंट्रोल देखकर हर कोई तारीफ कर रहा है।
'सही गाइडेंस मिला तो बन सकती है क्रिकेटर'
श्रेया के वीडियो पर लोग ढेर सारी अच्छी-अच्छी कमेंट्स कर रहे हैं। सब उसे सपोर्ट कर रहे हैं और दुआएं दे रहे हैं कि वह बड़ी होकर एक बेहतरीन क्रिकेटर बने। श्रेया का भी सपना यही है कि वह क्रिकेट में बड़ा नाम कमाए। उसके फुफेरे भाई ने बताया कि पहली बार जब उन्होंने श्रेया की बैटिंग देखी तो खुद हैरान रह गए। तब सोचा कि इसका टैलेंट आगे बढ़ाया जाए। अगर श्रेया को सही गाइडेंस और ट्रेनिंग मिले तो वह जरूर भारतीय क्रिकेट की बड़ी स्टार बन सकती है। इतनी छोटी उम्र में इतना टैलेंट देखकर लगता है कि क्रिकेट का भविष्य बहुत अच्छा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
