आनंद महिंद्रा सोशल साइट एक्स पर काफी एक्टिव रहते हैं। वे समय-समय पर अपने पोस्ट के जरिए लोगों को मोटिवेट करने का काम भी करते है। मंडे मोटिवेशन के नाम से हर सोमवार को उनकी एक पॉजीटिव पोस्ट देखने को मिलती है। इस मंडे इस पोस्ट में जगह मिली, मध्य प्रदेश के बियौरा के रहने वाले 20 साल के युवक बिट्टू तबाही को। जो कि इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। दरअसल, बिट्टू तबाही ने अकेले ही अजनार नदी को साफ करने का काम शुरू किया और अपनी मेहनत से लोगों का दिल जीत लिया। उनके इस काम की तारीफ करते हुए आनंद महिंद्रा ने उनके नाम उनका वीडियो शेयर करते हुए उनकी तारीफ में एक पोस्ट लिखा।
लड़के ने अकेले गंदी नदी साफ करने का लिया संकल्प
बताया जाता है कि अजनार नदी काफी समय से गंदगी और प्लास्टिक कचरे से भरी हुई थी। नदी का पानी भी बहुत प्रदूषित हो चुका था। ऐसे में बिट्टू ने इसे साफ करने का फैसला किया। बिट्टू ने 26 जनवरी से अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी की सफाई शुरू की थी। लेकिन कुछ दिनों बाद उनके दोस्त साथ छोड़ गए और वह अकेले ही यह काम करने लगे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार नदी से कचरा निकालते रहे। वह नदी में उतरकर प्लास्टिक, काई और दूसरे कचरे को बाहर निकालते हैं। धीरे-धीरे उनकी मेहनत का असर दिखने लगा और नदी का पानी पहले से ज्यादा साफ नजर आने लगा।
पहले लोगों ने किया था ट्रोल
हालांकि शुरुआत में कुछ लोगों ने उनका यह काम देखते हुए कहा कि वह सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं लेकिन बिट्टू ने लोगों की बातों की बिल्कुल परवाह नहीं की और अपना काम जारी रखा। बिट्टू अपने काम की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम (@bittu_tabahi) पर भी शेयर करते हैं। वहां उन्होंने नदी की पहले और बाद की तस्वीरें भी दिखाई हैं, जिनमें साफ फर्क नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें:
आनंद महिंद्रा ने की तारीफ
बिट्टू के इस काम को देखकर आनंद महिंद्रा ने भी सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अगर सोशल मीडिया के लाइक्स किसी अच्छे काम के लिए प्रेरित करते हैं, तो यह अच्छी बात है। उन्होंने बिट्टू को अपना “Monday Motivation” भी बताया। यह पोस्ट वायरल हो गई और हजारों लोगों ने बिट्टू की सराहना की। कई लोगों ने उन्हें असली हीरो और प्रेरणा बताया।
बिट्टू के काम पर लोगों का नजरिया
कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि अगर एक व्यक्ति अकेले इतना बड़ा काम कर सकता है, तो अगर लोग मिलकर कोशिश करें तो देश को साफ बनाना आसान हो सकता है। वहीं, इस वीडियो पर तो कुछ यूजर्स का यह भी कहना है कि बिट्टू जैसी ही लोगों की एक छोटी शुरुआत भी बड़ा बदलाव ला सकती है। अगर हर कोई अपने आसपास सफाई का ध्यान रखे, तो पर्यावरण को काफी हद तक बचाया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
