उत्तर प्रदेश

UP Weather: यूपी में ठंड का प्रकोप तेज, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी; कानपुर में रही सबसे सर्द रात

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 07 December-2025 लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बरेली में मौसम का पूर्वानुमान: मौसम विभाग के अनुसार यूपी में शनिवार को कानपुर में सबसे सर्द रात दर्ज की गई। सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।

Winter Season

यूपी में ठंड बढ़ी (सांकेतिक फोटो | PTI)

Photo : PTI

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 07 December-2025: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शीतलहर के प्रभाव से ठिठुरन बढ़ गई है। यूपी में लगातार कानपुर में सबसे सर्द रात दर्ज की जा रही है। नवंबर में भी कानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान देखने को मिल रहा था। जिसके बाद अब दिसंबर में यहां अधिक सर्दी बनी हुई है। यूपी में लगातार उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। बीच-बीच में दक्षिण पश्चिमी हवाओं का प्रभाव भी दिख रहा है। जिसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। दिन-रात लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिल रही है। लेकिन रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के कारण प्रदेश में बादलों की आवाजाही के चलते न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है। लेकिन इससे ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

यूपी में आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पिछले कई दिनों से यूपी का मौसम शुष्क बना हुआ है। आज भी पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। हालांकि आज किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। आईएमडी के अनुसार हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। जिसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में ऊंचे बादलों की मात्रा बढ़ने से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। साथ ही हवा की रफ्तार भी अभी धीमी बनी हुई है। लेकिन बादल छंटने के बाद बर्फीली हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और ठंड में भी फिर से इजाफा हो सकता है।

यूपी में बादलों के प्रभाव से बढ़ेगा पारा

यूपी में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढाव देखने को मिला। कई जिलों का न्यूनतम पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। जिससे आज सुबह धुंध और ठंड में बढ़ोत्तरी महसूस हो रही है। हालांकि आज से बुधवार तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़त्तरी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार यूपी में अगले 3 दिनों में न्यूनतम पारा लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार करीब एक सप्ताह बाद फिर से प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है।

यूपी में 5 सबसे ठंडे जिले

यूपी में शनिवार को कानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां सामान्य से 5.3 डिग्री कम 5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। इसके अलावा इटावा में 5.6 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 5.8 डिग्री, बाराबंकी में 6 डिग्री और अयोध्या में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री बहराइच में रहा। वहीं कानपुर में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री, गोरखपुर में 26 डिग्री, वाराणसी में 25.9 डिग्री और फुरसतगंज में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article