Raebareli Bus Accident: यूपी के रायबरेली में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, लखनऊ से झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारण बस में सवार कई लोग घायल हुए हैं।
रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र के डिडौली के पास NH-30 पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के मुताबिक हादसे में बस में सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में लोगों से भरे वाहन को चला रहा था। हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था।
रविवार की सुबह एक भीषण हादसे की खबर छत्तीसगढ़ से भी आई। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार तड़के दुलदुला थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुलदुला पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्रारंभिक जांच में मृतक जशपुर के चराईडांड क्षेत्र के निवासी पाए गए हैं और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
