उत्तर प्रदेश

Ghaziabad News: विजय नगर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का Exit क्यों किया गया बंद, जानें वजह

Ghaziabad News: अगर आप दिल्ली की ओर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके विजय नगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर नहीं है। क्योंकि NHAI ने बड़ी डिमांड के बाद विजय नगर के पास बने एग्जिट को बंद कर दिया है। जानें ऐसा फैसला क्यों लिया गया है -

Image

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले सावधान (Photo - PTI)

Photo : PTI

Ghaziabad News: अगर आप भी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके ग्रेटर नोएडा वेस्ट, क्रॉसिंग रिपब्लिक या विजय नगर गाजियाबाद की ओर जाते हैं तो ये खबर आपके लिए ही है। क्योंकि NHAI ने अब जो कदम उठाया है, उसका आपकी दैनिक यात्रा पर काफी ज्यादा असर पड़ने वाला है। खासतौर पर सराय काले खां और खोड़ा के पास से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके NCR के इन इलाकों की ओर जाने वाले लोग इस रिपोर्ट को ध्यान से पढ़ें।

NHAI ने दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) से विजय नगर के पास IPEM कॉलेज के करीब NH-9 की ओर जाने वाले एग्जिट को बंद कर दिया है। यानी अगर आप दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके क्रॉसिंग रिपब्लिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और विजय नगर की ओर जाने के लिए इस कट का इस्तेमाल करते थे तो अब नहीं कर पाएंगे। हालांकि, राहत की खबर ये है कि NHAI ने इस एग्जिट को सिर्फ शाम के पीक आवर्स में ही बंद रखने का फैसला किया है। यानी दिन के किसी भी अन्य समय में आप इस एग्जिट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

क्यों लिया गया ये फैसला

NHAI ने शाम के भारी ट्रैफिक के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के इस एग्जिट को बंद करने का यह फैसला आपकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही लिया है। दरअसल NHAI यहां पर एक लेन के एग्जिट को चौड़ा करने जा रहा है, ताकि यहां जाम की स्थिति न बने। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने ही सोमवार 1 दिसंबर को इस संबंध में जानकारी दी।

कब से बंद होगा विजय नगर एग्जिट

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर विजय नगर के पास बने एग्जिट को शाम के भीड़भाड़ वाले समय में बंद रखा जाएगा। यह फैसला कल यानी सोमवार 1 दिसंबर से लागू भी हो चुका है। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक यहां पर यह प्रतिबंध लागू रहेगा। बता दें कि यहां पर विजय नगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवसियों की भारी मांग के बाद पिछले साल ही इस एग्जिट को बनाया गया था। लेकिन इसकी वजह से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शाम के समय अक्सर जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।

Delhi-meerut Expressway

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से कहां करें एग्जिट

NHAI ने पिछले साल ही बनाए गए इस एग्जिट को अब और चौड़ा करने की योजना बनाई है। क्योंकि एक लेन का एग्जिट यहां के ट्रैफिक के लिए नाकाफी साबित हो रहा है, विशेषतौर पर शाम के समय में भारी ट्रैफिक के दौरान। इसलिए अगले आदेश तक शाम 6 से रात 9 बजे तक यहां से एग्जिट बंद रहेगा। इसलिए दिल्ली की तरफ से क्रॉसिंग रिपब्लिक, विजय नगर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आने वाले लोगों ध्यान रखें कि वह इंदिरापुरम के पास दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे से बाहर निकल आएं और NH-9 का इस्तेमाल करें।

कब तक चौड़ा हो जाएगा विजय नगर एग्जिट

NHAI के अधिकारियों के अनुसार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के इस एग्जिट को एक लेन से दो लेन का करने के प्रोजेक्ट पर जनवरी 2026 में काम किया जाएगा। इस एग्जिट को चौड़ा करने पर करीब 23 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह काम जून 2026 तक पूरा हो जाएगा। यहां पर एग्जिट के बाहरी और अंदरूनी दोनों हिस्सों को चौड़ा किया जाएगा।

NHAI के एक आंकड़े के अनुसार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यूपी गेट से डासना के बीच हर रोज करीब 1 लाख पैसेंजर कारें गुजरती हैं। बता दें डासना तक इस एक्सप्रेसवे पर किसी तरह का कोई टोल नहीं वसूला जाता है। गाजियाबाद के इस हिस्से में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे 14 लेन का है। इसके बाहरी हिस्से में चार-चार लेन (दोनों तरफ) की सड़क है, जिसे NH-9 नाम दिया गया है। जबकि अंदरूनी तीन-तीन लेन (दोनों तरफ) का दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article